महासमुन्द

बंदूक से चीतल का शिकार, 4 गिरफ्तार
21-May-2022 1:01 PM
बंदूक से चीतल का शिकार, 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 मई।
महासमुंद वन परिक्षेत्र के वन विकास निगम क्षेत्र से लगे लोहारडीह के पास एक चीतल का शिकार कर ले जाते 4 आरोपियों को पटेवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक बंदूक जब्त की गई है।
 

बीती रात महासमुन्द वन परिक्षेत्र के लोहारडीह जंगल में बंदूक से चीतल का शिकार कर ले जाते चार आरोपियों को महासमुन्द पुलिस की गश्ती टीम ने दबोचने में सफलता हासिल की है। शिकार मादा चीतल की उम्र चार साल बताई जा रही है।
चारों आरोपियों के नाम मो. शकील खान (42), जमील खान (48), मजीद खान (42) , रुंगु (42)  सभी निवासी बावनकेरा के बताए गए हंै । सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वन विभाग को सौंप दिया है।

वन विभाग चारों आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर वन विभाग का अमला मृत चीतल का पीएम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया है।

  एयरगन में लेंस लगाकर शिकार
आरोपियों के पास से एक बंदूक जब्त की गई है, यह बंदूक मूलत: एयरगन है, परन्तु शातिर आरोपियों ने इसका उन्नयन कर दूर तक निशाना लगाने लायक बना दिया है। इसके लिए बाकायदा एयरगन में लेंस भी लगाया गया है।


अन्य पोस्ट