महासमुन्द
मूल्यांकन का कार्य गोपनीय तरीके से 30 मई तक पूरा करना है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई । पं. रविशंकर विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालयों में जमा किए जा रहे उत्तरपुस्तिका की जांच शुरू हो गई है। जानकारी मिली है कि 14 मई तक उत्तरपुस्तिका जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 30 मई तक सभी विषयों के उत्तरपुस्तिका का जांच किया जाना है, ताकि जून में परीक्षा परिणाम जारी हो सके और आने वाले सत्र में सही समय पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा सके।
उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के संबंध में महाप्रभु वल्लभाचार्य पीजी कॉलेज से मिली जानकारी अनुसार मूल्यांकन के लिए महाविद्यालय में 13 केंद्रों से उत्तरपुस्तिका की खेप पहुंची है। इसमें करीब 1 लाख 20 हजार उत्तर पुस्तिका हैं जिनका मूल्यांकन 30 मई तक पूरा करना है।
वरिष्ठ मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन के लिए बंडल दिया जा रहा है। निर्धारित समय तक मूल्यांकन का कार्य पूरा हो जाएगा। मूल्यांकन के लिए गोपनीयता रखने के लिए इस बार ओएमआर शीट का वितरण रविवि ने किया है। वहीं मूल्यांकन करने वालों को भी केंद्र के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है। मूल्यांकन कार्य को एकदम गोपनीय रखा गया है। कॉलेजों में 14 मई तक चलेगी परीक्षा महाविद्यालयों में ऑनलाइन पेपर 14 मई तक चलेगा। पूर्व की भांति इस बार भी ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। विद्यार्थी अपने-अपने घरों व कॉलेजों के बाहर बैठकर पर्चा हल कर रहे हैं और निर्धारित समय के पूर्व आंसरशीट जमा करने कॉलेज परिसर में पहुंच रहे हैं।
परीक्षा के शुरूआत के दिनों में पर्चा जमा करने में विद्यार्थियों की बहुत भीड़ लगी रहती थी। इसके कारण रास्ता भी जाम हो जाता था। कुछ दिनों से संख्या कम हो गई है। पर्चा जमा करने का अंतिम समय पर्चा लिखने के दिन दोपहर 3 बजे तक ही दिया गया है। फाइनल कक्षाओं का पहले जारी मूल्यांकन फाइनल यानी अंतिम कक्षाओं के आंसर शीटों का मूल्यांकन पहले पूर्ण किया जाएगा। ताकि परिणाम जारी करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद अन्य कक्षाओं के पेपर की जांच होगी। फाइनल कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अन्य कक्षाओं के परिणाम जारी होंगे।