महासमुन्द
कहा-कोमाखान पंचायत के प्रस्ताव पर क्लिंकर लोडिंग निरस्त करें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। जनपद पंचायत बागबाहरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत घोयनाबाहरा सरहद में स्थित रेलवे रैक प्वाइंट में सीमेंट रॉ मेटेरियल क्लिंकर लोडिंग अनुमति से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि कोमाखान पंचायत के प्रस्ताव पर क्लिंकर लोडिंग निरस्त नहीं करेंगे तो आंदोलन के लिए ग्रामीण बाध्य होंगे।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर की उपस्थिति में रविवार को बैठक हुई। इस दौरान अध्यक्ष ने कहा कि रेलवे स्टेशन कोमाखान के नाम से है, जबकि रेलवे रैक प्वाइंट घोयनबाहारा भूखंड सीमा में आता है। रैक प्वाइंट में आवासीय क्षेत्र मात्र 30 मीटर दूरी पर है। यहां सीमेंट मटेरियल क्लिंकर माल लोडिंग के लिए संबंधित ग्राम पंचायत से सहमति प्रस्ताव अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाना होता है, लेकिन रेलवे ने घोयनाबाहरा पंचायत से सहमति पत्र लेने के बजाय सीमा क्षेत्र के बाहर कोमाखान ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण-पत्र पंचायत प्रस्ताव लेकर क्लिंकर रेक प्वाइंट बनाकर माल अनलोडिंग करना प्रारंभ कर दिया है, जो पूर्णत: गलत है।
अध्यक्ष ने ग्रामीणों के साथ स्थल का निरीक्षण किया तो अनलोड क्लिंकर में 60 प्रतिशत डस्ट मिला। स्मिता का कहना है कि इससे यहां के रहवासियों के स्वास्थ्य में बेहद बुरा प्रभाव पडऩे से इंकार नहीं किया जा सकता। रेक प्वाइंट में 50 मीटर की दूरी पर प्राथमिक स्कूल है और यहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। इस तरह यहां के रहवासी व बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है। डंप स्थल से खेत की तरफ ढाल पर है, ऐसी स्थिति में बारिश के मौसम में डस्ट बह जाने से खेत डस्ट से पट जाएगा और कृषि जमीन बंजर होगी।