महासमुन्द
लडक़ी की मां व नाना की भी अपचारी बालकों ने पिटाई कर दी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। दोस्ती पर अंकुश लगता देख अपचारी बालक ने लडक़ी के पिता को जान से मारने की कोशिश की। अपचारी बालक ने लडक़ी के पिता पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। उसके पेट में दो जगह चाकू से वार किया है। घटना के वक्त एक और अपचारी बालक मौजूद था। घटना 6 मई शाम 7 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीभाठा वार्ड क्रमांक 2 की है। आरोप में दो अपचारी बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। वहीं घायल का इलाज राजधानी रायपुर में चल रहा है।
कोतवाली में एसआई विनोद शर्मा ने बताया कि एक अपचारी बालक ने अपने पास रखे चाकू से अधेड़ के पेट पर हमला किया और फरार हो गया। बाद में दोनों अपचारी बालकों को हिरासत में लिया गया। दोनों अपचारी बालक घायल के घर के सामने से अक्सर बाइक से गुजरते और हॉर्न बजाते थे। मना करने पर भी नहीं मानते थे। घायल व्यक्ति की बेटी से अपचारी बालक की दोस्ती थी। घटना के दिन अपचारी बालक ने लडक़ी की मां को फोन कर कहा कि तुम लोग लडक़ी को निकलने नहीं देते हो। उसे कोई भी परेशान करेगा तो नहीं छोडूंगा। इसके बाद शाम 7 बजे दोनों अपचारी बालक घर के सामने आकर बैठ गए। यह जानकर लडक़ी का पिता बाहर निकला। अपचारी बालक को उसे देखते ही गुस्सा आया और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। बीच बचाव में आई लडक़ी की मां व नाना की भी अपचारी बालकों ने पिटाई कर दी।