महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। हरिद्वार के अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज की देखरेख में गायत्री शक्तिपीठ महासमुंद द्वारा 15 व 16 मई को पूरे जिले में घर-घर गायत्री यज्ञ व उपासना अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए गायत्री परिवार महासमुंद संपर्क अभियान चला रहा है। जिसमें गांव.गांव में यज्ञ पद्धति व उपासना से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।
साथ ही उन्हें सरल व संक्षिप्त हवन विधि का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। अपने घर में यज्ञ करवाने के लिए कोई भी व्यक्ति 13 मई तक गायत्री शक्तिपीठ में पंजीकरण करा सकता है। इसमें संक्षिप्त गायत्री हवन विधि व जरूरी सामग्रियों की जानकारी दी जाएगी। यह सामग्रियां न्यूनतम मूल्य पर शक्तिपीठ के साहित्य प्रचार केंद्र से प्राप्त हो जाएगी। साथ ही स्वयं घर में यज्ञ करने में समर्थ नहीं हैं तो पुरोहित की भी सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। पंजीयन व अधिक जानकारी के लिए गायत्री शक्तिपीठ बारोंडा चौक महासमुंद में संपर्क कर सकते हैं।