महासमुन्द

निसदा बांध से कोडार बांध पानी लाने में ढाल की समस्या भी आएगी-डॉ.चोपड़ा
06-May-2022 4:53 PM
निसदा बांध से कोडार बांध पानी लाने में ढाल की समस्या भी आएगी-डॉ.चोपड़ा

महासमुंद, 6 मई। पूर्व विधायक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर द्वारा निसदा डायवर्सन से कोडार बांध के पानी लाये जाने की घोषणा पर कहा है कि पहले इसके पानी की 100 प्रतिशत उपयोगिता की योजना बनकर क्रियान्वित हो गई है। इसका पानी नदी के बायें और दाएं स्थित ग्रामों को नहर के माध्यम से दिया जा रहा है। निसदा बांध से कोडार बांध पानी लाने में ढाल की समस्या भी आएगी, क्योंकि इतनी दूरी के लिए ढाल मिलने की संभावना भी कम है।

डॉ. चोपड़ा का कहना है कि शायद कोडार बांध की ऊंचाई निसदा बांध से ज्यादा न हो। यदि इसके लिए लिफ्ट ही कारगर है तो क्या इस प्रोजेक्ट में लिफ्ट का प्रावधान है? डॉ. चोपड़ा ने कहा कि कोडार को भरने के साथ-साथ झलप, पटेवा क्षेत्र को भी सिंचित करने की जरूरत है। यह क्षेत्र आज भी पिछड़ेपन से मुक्त नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा है कि झलप पटेवा क्षेत्र में खुशहाली के लिए सिंचाई सुविधा का होना आवश्यक है और इसके लिए गरियाबंद जिले में स्थित पैरी नदी के पानी को लाने का प्रयास होना चाहिए।

पहली बारिश में इस नदी पर स्थित बांध भर जाता है और अत्यधिक पानी आगे बढ़ जाता है।  इस बरसाती पानी से कोडार को भरते हुए झलप पटेवा क्षेत्र के नालों तालाबों एवं अन्य जलाशयों के माध्यम से खेतों तक पहुंचा कर खरीफ फसल के लिए पानी दिया जा सकता है। अत: निषदा बांध से कोडार में पानी की बजाए पैरी के पानी का प्रोजेक्ट बनाना चाहिए।


अन्य पोस्ट