महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 4 मई। जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली में सत्र 2021-22 की वार्षिक परीक्षाओं के उपरांत परिणामों की घोषणा एवं पुरस्कार वितरण आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में छतर सिंह नायक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, मुकेश अग्रवाल उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स , संजय अग्रवाल प्रदेश मंत्री छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं प्रतिष्ठित व्यवसायिक व पूर्व व्यवस्थापक सरस्वती शिशु मंदिर बिहारी अग्रवाल उपस्थित रहे। अपने स्वागत अभिभाषण में प्राचार्य प्रशांत जी रहाटे ने विद्यालय की उपलब्धियों एवं योजनाओं का उल्लेख किया विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पधारे अतिथियों को धन्यवाद दिया। परीक्षा परिणामों की घोषणा मनीष कुमार भोई द्वारा की गई।
विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कक्षा में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। उपप्राचार्य डॉ राजेंद्र प्रसाद यदु ने विद्यार्थियों को बधाई दी एवं अतिथियों के समक्ष विद्यालय की आवश्यकता का उल्लेख किया। अपने उद्बोधन में श्री नायक ने कहा कि जिले का एकमात्र नवोदय विद्यालय सरायपाली में होना गौरव की बात है। उन्होंने विद्यालय के लिए हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। अध्ययन हेतु दो अतिरिक्त कक्ष के निर्माण हेतु अपनी स्वीकृति दी।
मुकेश अग्रवाल ने विद्यालय के लिए ओपन जिम प्रदान करने एवं विद्यालय के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को स्वर्ण पदक प्रदान करने की घोषणा की। संजय अग्रवाल, बिहारी अग्रवाल जी ने विद्यालय के विकास के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया । कार्यक्रम का संचालन विवेक शुक्ला तथा धन्यवाद ज्ञापन डीके मिश्र ने किया।