महासमुन्द

नहीं मिल रही दोनों दंतैल की लोकेशन
04-May-2022 7:20 PM
नहीं मिल रही दोनों दंतैल की लोकेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मई।
जिले में विचरण कर रहे दो दंतैल की कोई लोकेशन नहीं मिल रही है। दोनों दंतैल को सोमवार को अंतिम बार ग्राम खड़सा के खेतों में विचरण करते देखा गया था। इसके बाद से उनके मूवमेंट के बारे में कोई जानकारी वन विभाग के पास नहीं है। हालांकि हाथी गश्ती दल की टीम लगातार संभावित मूवमेंट वाले क्षेत्रों में गश्त कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को वन विभाग ने दोनों दंतैल के महानदी से निकलकर ग्राम खड़सा के खेतों में पहुंचने की सूचना जारी की थी। इसके साथ ही उनके संभावित मूवमेंट को देखते हुए आसपास के गांव में अलर्ट जारी किया गया था। इसके बाद हाथियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।

रात्रि हाथी गश्ती दल के प्रमुख रूपेश कन्नौजे ने बताया कि कल मंगलवार को हाथियों के लोकेशन के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही अब तक किसी गांव से ग्रामीणों से हाथियों के संबंध में जानकारी मिली है। हमारी टीम संभावित क्षेत्रों में दौरा कर रही है और हाथियों का लोकेशन लेने का प्रयास कर रही है। 

इस मामले में रेंजर एसआर सिन्हा ने बताया कि दोनों दंतैल अमूमन दिनभर महानदी में रहते हैं और शाम होते ही आसपास के गांव में निकलते हैं। कल मंगलवार को भी दोनों दंतैल महानदी में चले गए थे। इसके बाद उनकी जानकारी नहीं मिली है। हमारी टीम लगातार संभावित क्षेत्रों में सघन दौरा कर मूवमेंट पर नजर रखने की कोशिश कर रही है। 
 


अन्य पोस्ट