महासमुन्द

शासन 15 दिन के भीतर काला आदेश वापस ले, अन्यथा भाजपा आंदोलन करने तैयार है-चुन्नी लाल
02-May-2022 3:59 PM
शासन 15 दिन के भीतर काला आदेश वापस ले, अन्यथा भाजपा आंदोलन करने तैयार है-चुन्नी लाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मई।
सांसद चुन्नी लाल साहू ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि राज्य शासन ने अपने कई प्रतिबंध लगाए हैं। उक्त प्रतिबंध के आदेश में उल्लिखित शर्तों के 19 बिंदु हैं, जिसमें 8, 12, 13, 14, 15, 18 और 19 में खासकर ऐसे प्रावधान हैं, जो सीधे तौर पर हमारे संवैधानिक मौलिक अधिकारों का हनन करते हैं। इनमें कुछ को पढक़र ऐसा लगता है मानो कांग्रेस यह मान बैठी है कि ऐसे सभी आयोजनों के आयोजक तब तक अपराधी हैं जब तक कि वे निरपराध साबित न हो जाएं और खुद को निरपराध साबित करने की जिम्मेदारी भी खुद आयोजक की है। शासन उन्हें ऐसा संदिग्ध मान रही है, मानो वे आदतन अपराधी हों।

सासंद चुन्नी लाल साहू ने कहा है कि शासन 15 दिन के भीतर अपना यह काला आदेश वापस ले, अन्यथा भाजपा पार्टी प्रदेश की जेलों को भरने से लेकर हर तरह का आंदोलन करने, सडक़ पर उतरने को विवश होगी और इसकी सारी जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की होगी।

उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने बढ़ते जनाक्रोश को कुचलने के लिए प्रदेश में धार्मिक रैलियों, धरना-प्रदर्शन, धार्मिक आयोजनों आदि पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। जिससे सरकार की कमजोरी जनता के सामने न आ जाये। भूपेश सरकार ने एक तुगलकी आदेश जारी कर प्रदेश भर के सभी निजी, सार्वजानिक, धार्मिक, राजनीतिक अन्य संगठनों द्वारा प्रस्तावित आयोजनों पर जिसमें भीड़ आती हो, उसे रोकने के लिए 19 बिंदुओं की शर्तें लगाई हैं और उसका कठोरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। इन शर्तों का पूरी तरह पालन कर कोई भी बड़ा धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक आयोजन संभव ही नहीं है। उक्त बातें सांसद चुन्नीलाल साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कही है।


अन्य पोस्ट