महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मई। ग्राम पंचायत खरोरा के बंधवा तालाब में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल की अगुवाई में मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमदान किया गया। इस दौरान श्रमवीरों के साथ बोरे बासी खाकर सभी श्रमिकों के सुखमय और उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस दौरान बताया कि वे खुद गर्मी के दिनों में अपने घर में बासी खाते हैं। यह लू और डिहाइड्रेशन से बचाता है। इससे शरीर में ठंडक बनी रहती है। इसलिए सुबह आचार, भाजी और टमाटर चटनी के साथ इसे परोसा जाता है।
जिले में कल गांव से लेकर शहर, अफ सर नेता से लेकर गरीब-मजदूरों ने भरपेट बासी खाई। बासी को लेकर अब तरह-तरह के रुझान आ रहे हैं। अधिकांश लोगों का कहना है कि बासी लू और डिहाइड्रेशन से बचाता है। इससे शरीर में पानी की कमी पूरी होकर शरीर में ठंडक बनी रहती है। फेस बुक और अन्य सोशल मीडिया में बासी खाने वालों का हुजूम है। कल किसी ने जमीन में बैठकर, किसी ने सोफे पर बैठकर, किसी ने चम्मच में, किसी ने भाजी प्याज के साथ तो किसी ने अचार-चटनी के साथ बासी खाई। इनमें से अधिकांश लोग गर्मी भर दोपहर बासी ही खाने वाले हैं। महासमुंद कलेक्टर, एस पी तक कह रहे हैं कि बोरे बासी गरमी के दिनों में खाने से शरीर में ठंडक का अहसास होता है और इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। बहुतायत में लोग कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री ने पीढिय़ों से चली आ रही बोरे बासी खाने की परंपरा को एक बार फिर जीवित किया है।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, उनकी पत्नी डॉ पल्लवी क्षीरसागर सहित उनके दोनों सुपुत्र श्रव्य क्षीरसागर और चिरंजीव क्षीरसागर ने अपने शासकीय निवास में बोरे-बासी खाकर आनंद लिया। उन्होंने कहा कि बोरे बासी के साथ अचार, मिर्ची और प्याज खाना हमें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने मजदूरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन मेहनतकश मजदूरों और किसानों के सम्मान करने का दिन है। बोरे बासी खाकर आज इस दिन को हम त्यौहार के रूप में मना रहे है।
बोरे बासी छत्तीसगढ़ में पारम्परिक रूप से मेहनतकशों के दैनिक भोजन का हिस्सा रहा है। बोरे बासी खाने की परम्परा बहुत पुराना है। बोरे बासी में सारे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। बोरे बासी छत्तीसगढ़ की प्राचीन भोजन शैली में से एक है।
महासमुंद पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठकर लिया बोरे बासी का आनंद लिया। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत पर गर्व महसूस करते हुए पुलिस विभाग ने श्रमिकों के सम्मान में महासमुंद पुलिस ने बोरे बासी खाकर उत्सव मनाया गया। पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भूरकर साहू ने पुलिस कार्यालय में बोरे बासी भोजन को समारोह के रूप में आयोजन किया। राजपत्रित अधिकारी गरिमा दादर, आर आई नीतीश नायर, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बोरे बासी आनंदित होकर खाते रहे। जिले के तमाम पुलिस चौकी और थाने में भी प्रभारियों ने साथियों संग बैठकर बोरे बासी ग्रहण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने तुमाड़बरी एसआरएल सेंटर पहुंच कर सफाई मित्रों के साथ बैठकर बोरे बासी खाया।
इस मौके पर सभापति संदीप घोष भी मौजूद थे। पालिका अध्यक्ष चंद्राकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ी जीवन में बोरे बासी घुला मिला है। इसे सबसे सुलभ व्यंजन माना जाता है। विशेषकर गर्मी के दिनों में बोरे बासी को हर वर्ग के लोग खाना पसंद करते हैं। यह लू और डिहाइड्रेशन से बचाता है। इससे शरीर में पानी की कमी पूरी होकर शरीर में ठंडक बनी रहती है।


