महासमुन्द
सप्ताह में 3 दिन डॉक्टर, एक एएनएम, स्टाफ नर्स, एसएचओ, डाटा एंट्री ऑपरेटर, ड्रेसर की नियुक्ति होगी-बीएमओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मई । पिछले एक साल से स्टाफ की कमी और बार-बार मांग के बाद भी स्टाफ न बढ़ाने से आक्रोशित भाजपाइयों व ग्रामीणों ने शनिवार को पीएचसी मुनगासेर में ताला जडक़र प्रदर्शन किया। ग्रामीण सुबह ही भाजपा नेत्री व जिला पंचायत सदस्य अलका चंद्राकर के साथ अस्पताल पहुंच गए और तालाबंदी की। जनपद उपाध्यक्ष ने बताया कि तेंदूकोना पीएचसी से लगभग 40 गांव के लोग इलाज कराने पहुंचते हैं। इसकी सूचना पर बीएमओ मुनगासेर पहुंचे और आंदोलनकारियों संग मांगों को लेकर चर्चा की। कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग को लेकर कल शनिवार को जनपद उपाध्यक्ष भेखलाल साहू और धनंजय साहू ने बागबाहरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डा. आरके कुरुवंशी, डा. योगांक चंद्राकर, मिनकेतन चौधरी पहुंचे। आंदोलनकारियों ने अपना एक ज्ञापन अधिकारी को भी सौंपा। इस पर अधिकारी ने आंदोलनकारियों को लिखित में आश्वासन दिया कि सप्ताह में 3 दिन एमबीबीएस डॉक्टर, तत्काल एक एएनएम की पदस्थापना और 3 दिन के भीतर स्टाफ नर्स व एसएचओ, डाटा एंट्री ऑपरेटर, जीवनदीप समिति से ड्रेसर की नियुक्ति की जाएगी। अधिकारी की बात पर ग्रामीण माने। इस दौरान नरेश चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष पिलेश्वर पटेल, सरपंच खेलू बरिहा, खेमराज सिन्हा, जितेंद्र साहू, उपसरपंच घनश्याम साहू, छन्नू साहू, दीनबंधु सेन, रामजी साहू, भूतनाथ साहू, लेख चंद जैन आदि मौजूद रहे।
भाजपाईयों और ग्रामीणों के मुताबिक बागबाहरा जनपद क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुनगासेर में पिछले 1 साल से स्टाफ की कमी बनी हुई है। बार-बार मांग के बाद भी विभाग इस पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां 11 पदों में से 10 पद रिक्त हैं और वर्तमान में एक ही आरएचओ पदस्थ हैं। इस केंद्र का लाभ आसपास के 30 गांवों के ग्रामीण लेते हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण लोगों को काफी असुविधाएं होती हैं। इनका कहना है कि जिले में ऐसे कई स्वास्थ्य केंद्र हैं, जहां पदस्थ कर्मचारियों को कई कारणों से दूसरी जगहों पर अटैच कर दिया गया है। जिसके चलते वहां भी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर व स्टाफ नर्स को अन्यत्र स्थानों पर अटैच किया गया है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लाभ लेने वाले कई गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने के चलते लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है इससे उन्हें समय और रकम भी खर्च करना पड़ रहा है।