महासमुन्द

कोर्ट के फैसले से छिन गया महिला समूहों का काम
30-Apr-2022 4:10 PM
कोर्ट के फैसले से छिन गया महिला समूहों का काम

महिलाओं ने कहा-काम नहीं तो कर्ज माफ  करे सरकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल।
जिलेभर के आंगनबाडिय़ों के लिए रेडी टू ईट का निर्माण करने वाली महिला समूहों से अब काम छिन चुका है। हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद स्व सहायता समूह की महिलाएं परेशान हैं। समूह की महिलाओं का कहना है कि अब जब काम छिन गया है तो सरकार ऐसे समूहों का कर्ज माफ कर दे। इस संबंध में महिलाओं ने कल शुक्रवार को कलेक्टोरेट का घेराव किया और अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा है।

शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति महिला मोर्चा महामंत्री एवं महिला स्व सहायता समूह की उत्तरा प्रहरे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टोरेट पहुंची। यहां रेडी टू ईट निर्माण करने वाली महिला स्व सहायता समूह की पदाधिकारियों ने कर्जमाफ ी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, कलेक्टर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके पहले महिलाएं भाजपा कार्यालय में एकत्रित हुई और यहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्टोरेट पंहुचीं। यहां डिप्टी कलेक्टर नेहा भेडिय़ा ने उनका ज्ञापन लिया और उनकी मांगों से कलेक्टर को अवगत कराने की बात कही।

इस दौरान पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, शहर मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह पाली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कौशिल्या बंसल, पार्षद देवीचंद राठी, शहर मंडल महामंत्री मनीष बंसल, पार्षद मीना वर्मा, सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, मंडल कोषाध्यक्ष हनीश बग्गा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर, निरंजना शर्मा, सुधा साहू, हिरेन्द्र सोनी, दिनेश रूपरेला सहित बड़ी संख्या में स्व सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थी।

महासमुंद शहर के ही वार्ड 9 में स्थित गुरुनानक वार्ड की महिला स्व सहायता समूह भी रेडी टू ईट का निर्माण करती है। महिला समूह की अध्यक्ष थीपो तांडी ने बताया कि उनके समूह ने भी मशीनों के लिए बैंक से कर्ज लिया है। वर्तमान में करीब 2 लाख का कर्ज है।

काम बंद होने के बाद कर्ज चुकाने में परेशानी होगी। इसी तरह शहर के वार्ड. 12 स्थित सफरा माता महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उत्तर प्रहरे ने बताया कि उनका समूह 2009 से काम कर रही है। हाल ही में नई मशीन लगी है। इसके लिए बैंक से 2.80 लाख का कर्ज लिया है। बाजार से सामाग्री निर्माण के लिए उधारी में सामाग्री क्रय की जाती रही। यानी कुल 6 लाख का कर्ज उत्तरा के समूह पर है।
 


अन्य पोस्ट