महासमुन्द

शादी में नाचते बाराती की हत्या, 2 गिरफ्तार, 1 फरार
29-Apr-2022 6:33 PM
शादी में नाचते बाराती की हत्या, 2 गिरफ्तार, 1 फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल।
आज दोपहर महासमुंद जिले के सरायपाली थाने के छिबर्रा में विवाह समारोह के दौरान नाचने-गाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि नाचने को लेकर हुए विवाद के दौरान तीन लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे से पीटकर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के मुताबिक लमकेनी निवासी दूल्हा आशीष साहू की बारात आज दोपहर सरायपाली के छिबर्रा गांव पहुंची, जहां विवाह समारोह में बाराती आये सभी लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान गांव के तीन युवकों का विवाद बारात में आये युवक राजकुमार सिदार के साथ हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और तीन युवकों ने राजकुमार सिदार पर क्रिकेट बैट, लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे राजकुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई। अधिक खून बहने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों आरोपियों की पहचान होने पर सरायपाली थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने तत्काल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार है। बहरहाल पुलिस फरार आरोपी को तलाश रही है।


अन्य पोस्ट