महासमुन्द
अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर दर्ज होगा केस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल। तीन समय पानी सप्लाई करने के बावजूद घरों में लगे नल कनेक्शन से पानी चोरी करने वाले लोगों पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर के निर्देश के बाद शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। डोर टू डोर नल कनेक्शन जांच के दौरान कमांडो टीम ने अलग-अलग वार्डों से 9 टुल्लू पंप जब्त किया है। जिसे अब राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश का पहला और एक मात्र नगर पालिका महासमुंद हैं, जहां आमजनों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए गर्मी में लगातार तीसरे साल तीन समय पानी की आपूर्ति की जा रही है।
इसके बावजूद लोग नलों से टुल्लू पंप लगाकर पानी की चोरी कर रहे हैं। ऐसे लोगों के कारण बहुत से घरों में पर्याप्त मात्र में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि अवैध रूप से लिए गए नल कनेक्शन जिन घरों में पाये जाएंगे उनके व कनेक्शन जोडऩे वाले के खिलाफ एफआईआर के साथ 10 गुना अधिभार समेत जलकर वसूला जाएगा, नल कनेक्शन भी काटे जाएंगे। ऐसे लोगों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं भी पालिका रोक देगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने जलकर, संपत्ति कर, समेकित कर, बकायदारों से अपील करते हुए कहा है कि बकाया टैक्स का भुगतान समय पर करें और अधिभार से बचे। उन्होंने कहा है कि आगामी समय में नलों से पानी चोरी करते पाए जाने वाले लोगों का नाम सार्वजनिक किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर के निर्देश के बाद कमांडो टीम ने वार्ड नंबर 7, 14, 27 और 29 में अलग-अलग घरों में छापा मारा। इस दौरान टीम ने घरों से 9 टुल्लू पंप जब्त किया है। इसे अब राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। पालिका अध्यक्ष ने कहा इस भरी गर्मी में सभी को समान रूप से पानी आपूर्ति करना नगर पालिका की नैतिक जिम्मेदारी है। पानी को लेकर किसी को भी कोई समस्या है, तो नगर पालिका में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 24 घंटे में समस्या का समाधान किया जाएगा।