महासमुन्द

ग्रामीण को मारने वाला दंतैल महासमुंद-गौरखेड़ा जंगल में
28-Apr-2022 12:09 PM
ग्रामीण को मारने वाला दंतैल महासमुंद-गौरखेड़ा जंगल में

आसपास के गांवों में अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल।
बारनवापारा के रवान क्षेत्र में एक ग्रामीण को मारने के बाद दंतैल सिरपुर से होते हुए गरियाबंद की ओर आगे बढ़ रहा है। यह दंतैल महासमुंद शहर से सटे गौरखेड़ा के जंगल में कल शाम को देखा गया है। इसके आने से गौरखेड़ा सहित आसपास के गांवों में वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और रात के अंधेरे में निकलने के लिए ग्रामीणों को सख्त मना कर दिया गया है। दंतैल की आमद से क्षेत्र में दहशत है।

ग्रामीण व वन विभाग संभावना जता रहे हैं कि यह दंतैल गरियाबंद जिले की ओर आगे बढ़ सकता है। इसके अलावा महानदी में जलक्रीड़ा करने के बाद दो अन्य दंतैल फिलहाल आरंग क्षेत्र की ओर चले गए हैं।

वन परिक्षेेत्र अधिकारी टीआर सिन्हा ने बताया कि एक दंतैल का लोकेशन बुधवार शाम को कक्ष क्रमांक 58, 59, 60  गौरखेड़ा और सोरिद के बीच जंगल में था। ग्रामीणों को मुनादी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर बने ग्रामीणों के ग्रुप व सरपंचों के नंबरों पर ऑडियो भेजकर भी अलर्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ये वहीं दंतैल है जो, रवान में एक दिन पहले रायतुम के ग्रामीण को मौत के घाट उतारा था। यह सिरपुर के रास्ते गौरखेड़ा की ओर आ पहुंचा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात में जंगल ही नहीं गांव की गलियों में भी न घूमें। ग्राम गौरखेड़ा, सोरिद, अरंड, उमरदा, मुड़मार, पतेरापाली, कोसरंगी, केशवा, सिरगिड़ी, झालखम्हरिया, बोरियाझर, बकमा, कोना, खट्टी, जिवतरा, धनसुली, बनसीवनी, कौंदकेरा, लोहारडीह, घोंघीबहारा के ग्रामीण को सतर्क रहने के लिए कोटवार से मुनादी करा दी गई है। ग्रामीणों को यह भी बताया जा रहा है। दंतैल गांव से लगे जंगल में है। रात में गांव व आसपास आ सकता है। इसलिए रात में अकेले गांव की गलियों में बिल्कुल न घूमें।


अन्य पोस्ट