महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी झलप पटेवा मंडल ने रविवार को रायतुम पंचायत द्वारा संचालित पानी टंकी में कांग्रेस विधायक, कांग्रेस के प्रचार, स्लोगन व पंजा छाप पर काला पेंट लगाया। ग्राम रायतुम के भाजपा कार्यकर्ता व झलप पटेवा मंडल के प्रमुख पदाधिकारी कल रविवार शाम 4 बजे बस्ती पारा के मध्य रायतुम में स्थित पानी टंकी के नीचे इक_े हुए। इस दौरान सीढिय़ों से काला रंग लेकर पानी टंकी पर चढ़े और लिखे हुए स्लोगन पर काला रंग लगाया। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व उसके विधायक सारी मर्यादाओं को ताक पर रखकर केंद्र सरकार की राशि से निर्मित पानी टंकी पर बेशर्मी के साथ अपना व पार्टी का प्रचार कर रहे हैं।
उनका कहना है कि केंद्र सरकार की राशि से निर्मित इन पानी टंकियों को चालू कराने व ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के लिए मचा हाहाकार को दूर करने की बजाए उन्हें अपने प्रचार में ज्यादा रुचि है। जल जीवन मिशन के अध्यक्ष कलेक्टर व सचिव पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता विधायक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज हो, अन्यथा भाजपा इन कार्यालय का घेराव करेगी। मंडल अध्यक्ष धर्म पटेल ने कहा कि झलप पटेवा मंडल की जिन पानी टंकियों पर इस प्रकार के अवैध स्लोगन लिखे गए हैं, उन स्लोगनों और प्रचार को काले रंग से रंग लगाने के लिए मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी तथा घूम-घूम कर इन पर लिखे स्लोगन व कांग्रेस के प्रचार सामग्री पर काला रंग पोता जाएगा।
आखिर में पटेवा थाने में विधायक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस कार्य में पूर्व मंडल अध्यक्ष धरम शुक्ला, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष निर्भय पटेल, मंडल महामंत्री कमल कौशिक, उपाध्यक्ष कुलजीत सलूजा, शम्मी सलूजा आदि शामिल रहे।