महासमुन्द

समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराया, पंचायत सचिव पर 50 हजार जुर्माना
22-Apr-2022 6:51 PM
समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराया, पंचायत सचिव पर 50 हजार जुर्माना

कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 अप्रैल। प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त ने सचिव ग्राम पंचायत बिजेमाल को 50 हजार रुपए जुर्माने का आदेश पारित कर सीईओ जिला पंचायत महासमुंद को सचिव मुरलीधर साव के विरूद्व जांच करके कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की अनुशंसा की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत बिजेमाल जपं पिथौरा से 19 जुलाई 2018 को दो अलग-अलग सूचना आवेदन लगाकर चौदहवें वित्त योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) से संबंधित सूचना दस्तावेज की मांग की थी। समय सीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराने पर आवेदक ने 13 सितम्बर 2018 को सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा में प्रथम अपील किया। प्रथम अपीलीय अधिकारी ने प्रथम अपील सुनवाई में आवेदक को नि:शुल्क सूचना दस्तावेज प्रदाय कराने का 02/11/2018 को आदेश पारित किया।

जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी के कार्यशैली से क्षुब्ध होकर आवेदक ने छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में 10 दिसम्बर 2018 को द्वितीय अपील दायर किया। 

मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत ने उक्त दोनों प्रकरणों में दिनांक 30 मार्च 2022 को सुनवाई में पाया कि अपीलार्थी को समयसीमा में सूचना उपलब्ध नही कराया गया, जो सूचना का अधिकार अधिनियम के विपरीत है। इसलिए धारा 20(1) के तहत पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना कराने का आदेश पारित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा को दोनों प्रकरणों में 25-25 हजार रुपए जुर्माना राशि जनसूचना अधिकारी मुरलीधर साव के वेतन से वसूल करके नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराये जाने हेतु निर्देशित किया है। 

छग राज्य सूचना आयोग में सचिव मुरलीधर साव ने बताया कि उसे प्रथम अपीलीय अधिकारी जपं पिथौरा से प्रथम अपील की सुनवाई एवं पारित आदेश पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। मुख्य सूचना आयुक्त ने इसे गंभीरता से संज्ञान लेकर सीईओ पिथौरा को इस संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया। 24/11/2011 को सूचना आयोग में सीईओ जपं पिथौरा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है कि मुरलीधर साव ने 02/11/2018 को आदेश पत्र प्राप्त प्राप्त किया है और उस पावती में सचिव का हस्ताक्षर भी है।

मुख्य सूचना आयुक्त एम.के.राउत. ने प्रस्तुत दस्तावजों का निरीक्षण परीक्षण कर पाया कि सचिव द्वारा प्रथम अपील आदेश का पालना नहीं करते हुए सूचना आयोग में मिथ्या कथन किया है कि प्रथम अपील पारित आदेश उसे प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए धारा 20(2) के तहत सीईओ जिला पंचायत महासमुंद को सचिव मुरलीधर साव के विरूद्व जांच करके सेवा शर्तो के अधीन कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का अनुशंसा किया है।  


अन्य पोस्ट