महासमुन्द

मनरेगा कर्मियों के स्थान पर काम करने के लिए जानकार कर्मचारियों व अधिकारियों को मैदान में उतारा जा रहा
21-Apr-2022 6:52 PM
मनरेगा कर्मियों के स्थान पर काम करने के लिए जानकार कर्मचारियों व अधिकारियों को मैदान में उतारा जा रहा

पहले चरण में पंचायत सचिव, करारोपण अधिकारी सहित इंजीनियरों की ड्यूटी लगेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 अप्रैल। मनरेगाकर्मी पिछले 17 दिनों से अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन में डटे हुए हैं और मजदूरों के काम बंद हैं ऐसे में मजदूरों को काम देने जिला स्तर मनरेगाकर्मियों के स्थान पर काम करने के लिए जानकार कर्मचारियों व अधिकारियों को मैदान में उतारा जा रहा है। विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है।

इस तैयारी के पहले चरण में पंचायत सचिव, करारोपण अधिकारी सहित इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई गई है। इनसे काम लेने का आदेश भी जारी हो गया है। इस पर भी एक समस्या है कि हड़ताल पर गए कर्मचारी आईडी व पासवर्ड नहीं बता रहे हैं। कुछ लोगों ने आईडी लॉक भी कर दिया है। इसके कारण ऑनलाइन ई मस्टर रोल नहीं खुल रहा है। अब प्रदेशस्तर पर नया आईडी व पासवर्ड तैयार किया जा रहा है। उसमें ई मस्टररोल भी होगा। जब यह अपडेट होगा, तभी काम शुरू होगा।

मालूम हो कि मनरेगाकर्मियों की हड़ताल के कारण मनरेगा के 100 दिन रोजगार देने की योजना ठप है। चर्चा है कि प्रदेश स्तर पर नई आईडी व पासवर्ड लांच कर बंद रोजगार को चालू किया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक का कहना है कि हड़ताल की वजह से मनरेगा में काम बंद हो गया था, अब कमिश्नर मनरेगा से निर्देश मिला है कि जिन गांवों से डिमांड आ रही है वहां व्यवस्था कर मनरेगा का काम शुरू किया जाए। इसके लिए कोशिश की जा रही है। वहीं सचिव, करारोपण अधिकारी व आरईएस के इंजीनियरों की ड्यूटी भी मनरेगा में लगाई जा रही है।

महासमुंद जिले में मनरेगा के तहत करीब 534 कर्मचारी हंै जो फील्ड से लेकर ऊपर तक काम देखते हैं। ये सभी कर्मचारी संविदा पर हैं। सरकार ने उन्हें नियमित करने की घोषणा की थी। यह वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है। जिसके चलते कर्मचारी आंदोलन पर उतर आए हंै। इनके आंदोलन से पहले गांवों में मनरेगा का काम चल रहा था।

इसमें करीब एक लाख मजदूरों को काम मिल रहा था, लेकिन वर्तमान में काम बंद है। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि हड़ताल पर गए कर्मचारी आईडी व पासवर्ड नहीं बता रहे हैं। कुछ लोगों ने आईडी लॉक भी कर दिया है। इसके कारण ऑनलाइन ई.मस्टर रोल नहीं खुल रहा है। अब प्रदेशस्तर पर नया आईडी व पासवर्ड तैयार किया जा रहा है। उसमें ई.मस्टररोल भी होगा। जब अपडेट होगा इसके बाद काम शुरू होगा।


अन्य पोस्ट