महासमुन्द
बम्हनी के श्वेतगंगा तट पर तीन दिवसीय शिव कथा का विश्राम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल। बम्हनी के श्वेतगंगा तट पर तीन दिवसीय शिव कथा के विश्राम दिवस पर काशी नगरी की महिमा बताते हुए कथावाचक ब्रह्मचारी ज्योतिर्मया नंद महाराज ने कहा कि काशी नगरी उत्तम नगरी है। सृष्टि के विस्तार के पूर्व ही काशी नगरी का निर्माण हुआ है। यहां 2 घाट मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र ऐसे हैं जहां दिन रात चिताएं जलती हैं।
भगवान विश्वनाथ यहां रामनाम के तारक मंत्र से मुक्ति का भंडारा चला रहे हैं। बाबा विश्वनाथ इस नगरी में देह त्यागने वाले जीव जंतुओं को मुक्त प्रदान करते हैं। यह नगरी भगवान शिव के त्रिशूल पर बसी है और जब प्रलय का समय आता है तो भगवान शिव इसे अपनी त्रिशूल पर धारण कर लेते हैं।
उन्होंने कहा कि यहां बिना काम के कोई नहीं रहता। यहां रहने वाले सभी देवताओं को कुछ न कुछ सेवा करना पड़ता है। बिना सेवा या काम के कोई भी देव इस पवित्र काशी नगरी में निवास नहीं कर सकता। काल भैरव यहां रक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो भगवान गणेश यहां आने वाले व्यक्तियों के चिंता दूर करन चिंतामन गणेश के रूप में विराजमान हैं। माता पार्वती से पूछा गया कि तुम यहां क्या काम करोगी तो उन्होंने अन्नपूर्णा के रूप में भोजन भंडारे की व्यवस्था में लग गई। इस काशी नगरी में कोई भी जीव जंतु भूखा नहीं रहता। माता पार्वती ने भगवान भोलेनाथ से पूछा कि आप यहां क्या काम करोगे तो उन्होंने कहा कि मैं भी भंडारा चला लूंगा लेकिन भोजन का नहीं मुक्ति का भंडारा।
व्यासपीठ से संत ने कहा कि भगवान शिव ने रामायण की रचना की थी जिसमें सौ करोड़ श्लोक थे। जब देवताओं ऋषियों और मनुष्यों को इसकी जानकारी हुई तो वे सभी रामायण मांगने भगवान शिव के पास पहुंच गए।
इस पर भोलेनाथ धर्मसंकट में फंस गए और इसका निराकरण करते हुए उन्होंने सौ करोड़ श्लोक को देवताओं, ऋषियों और मनुष्यों में 33-33 करोड़ बांट दिया। एक करोड़ बचने पर पुन: 33-33 लाख बांटा गया।
इस तरह से बांटते बांटते जब भगवान के पास एक श्लोक छंद के रूप में बचा जिसमें 32 अक्षर थे। इसमें से 10-10 अक्षर पुन: बांटा गया। अब केवल दो अक्षर बचा उसे भोलेनाथ अपने पास रख लिए वह दो अक्षर राम के रूप में था। जिसका निरंतर भूत भावन आशुतोष जाप करते रहते हैं।