महासमुन्द

अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष ने की योजनाओं की समीक्षा
21-Apr-2022 3:26 PM
अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष ने की योजनाओं की  समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा ने बुधवार को यहां कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा की। बैठक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। अध्यक्ष छाबड़ा ने जिला अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन को और तेज गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक वर्ग को मिलेगा तभी इन योजनाओं का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने खासकर राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्यमंत्री सुपोषण, गोधन न्याय योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सुकन्या समृद्धि, स्मार्ट कार्ड, प्रेरणा योजना, राशन कार्ड, पूरक पोषक आहार सहित अन्य योजनाओं पर ज्यादा जोर दिया। बैठक शुरू होने से पहले कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोग के सचिव एमआर खान भी मौजूद थे।

आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा ने पूर्व बैठक की जानकारी ली। अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री का नया 15 सूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अल्पसंख्यक समुदायों के लाभार्थियों को सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ अन्य प्राथमिकता वाले ऋणों के तहत बैंक क्रेडिट का उचित हिस्सा मिले। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राथमिक क्षेत्र के ऋण का उचित प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदायों को लक्षित करें और वंचितों के लिए सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदायों के वंचित वर्गों तक पहुंचे ताकि अल्पसंख्यक समुदाय का शैक्षिक सशक्तीकरण, रोजगारोन्मुखी कौशल विकास तथा बुनियादी ढांचा का निर्माण हो सके।

 


अन्य पोस्ट