महासमुन्द
महासमुंद, 21 अप्रैल। आशी बाई गोलछा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला महासमुंद के अटल लैब की ओर से अटल मैराथन के लिए 6 नवाचारी प्रोजेक्ट एवं मॉडल का रजिस्ट्रेशन किया गया है। स्कूल के प्राचार्य जीआर सिन्हा के मार्गदर्शन में अटल लैब प्रभारी चंद्र शेखर मिथलेश की ओर से बच्चों द्वारा तैयार किए गए प्रोटोटाइप मॉडल का चयन किया गया है। प्रोजेक्ट में शासकीय डीएमएस स्कूल महासमुंद, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल महासमुंद तथा आशी बाई गोलछा के विद्यार्थियों ने अन्तर शालेय गतिविधियों के माध्यम से समस्या को पहचानने, उसके हल करने के तरीकों पर विचार करते हुए प्रोजेक्ट तथा मॉडल का निर्माण किया।
संचार के लिए इलेक्ट्रॉनिक दस्ताने प्रणाली वाले मॉडल को आशी बाई गोलछा स्कूल की कक्षा नवमीं की छात्रा हीना साहू, जागृति कुर्रे, निसार अली ने तैयार किया है। इस मॉडल के मार्गदर्शन प्राचार्य जीआर सिन्हा रहे। बाल स्वास्थ्य विश्लेषण प्रणाली वाले मॉडल को आशी बाई गोलछा स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा क्षमा चंद्रकार, डीएमएस विद्यालय की 12वीं की छात्रा कौशिल्या पटेल और 11वीं की छात्रा हीना चक्रधारी ने तैयार किया है। मॉडल के मार्गदर्शक शिक्षक सोमप्रकाश साहू डीएमएस स्कूल हैं।
तीसरा माडल यातायात संकेत नियंत्रण का है जिसे स्वामी आत्मानंद स्कूल नयापारा की कक्षा 8वीं की छात्रा मोक्षदा सागर, 8वीं के छात्र क्षितिज पांडेय और आशी बाई गोलछा स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा नेहा यादव ने तैयार किया है। इस मॉडल के मार्गदर्शक शिक्षक सुरेश यादव स्वामी आत्मानंद स्कूल नयापारा हैं। चौथे मडल के रूप में ओवरलोड वाहन नियंत्रण प्रणाली वाले माडल को आशी बाई गोलछा स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा किरण साहू, तृप्ति साहू, रेणुका निर्मलकर ने तैयार किया है। इसके मार्गदर्शक शिक्षिका डॉ ज्योति किरण चंद्रकार आशी बाई गोलछा स्कूल हैं। पांचवां माडल बिना बिजली के मोबाइल चार्जर का है जिसमें बिना बिजली के मोबाइल चार्ज करने की प्रणाली का सिस्टम तैयार किया है। इसे आशी बाई गोलछा स्कूल के 11वीं के छात्र मोहित धीवर, छात्रा भारती चंद्रकार ने तैयार किया है तथा छठवां माडल स्मार्ट क्लास रूम का है जिसे आशी बाई गोलछा स्कूल की 9वीं की छात्रा चंचल साहू, नेहा यादव ने तैयार किया है।
इन छात्राओं के मार्गदर्शक शिक्षक चन्द्रशेखर मिथलेश हैं।