महासमुन्द

गांवोंं में पीने के लिए पानी की भारी किल्लत, कौंआझर के पंप हाउस में उप सरपंच ने ताला जड़ा
20-Apr-2022 2:55 PM
गांवोंं में पीने के लिए पानी की भारी किल्लत, कौंआझर के पंप हाउस में उप सरपंच ने ताला जड़ा

परसठ्ठी के ग्रामीणों ने भी पीएचई दफ्तर घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अ
प्रैल। बढ़ती गर्मी के साथ जिले के गांवोंं में पीने और निस्तारी के लिए पानी की भारी किल्लत हो रही है। परेशान ग्रामीण पेयजल की समस्या को लेकर परेशान हंै। खबर है कि इस भीषण गर्मी के बावजूद तीन दिन पहले तुमगांव क्षेत्र के ग्राम कौंआझर में उप सरपंच ने पंप हाउस में ताला लगा दिया। क्योंकि उसके घर पानी नहीं आ रहा था। शिकायत है कि उसने पंप हाउस का बिजली का कनेक्शन भी काट दिया। तीन दिनों तक पानी के लिए गांव में हाहाकार मचते रहा और कल ग्रामीण तुमगांव थाना पहुंचे और उपसरपंच की शिकायत कर दी। पुलिसिया हस्तक्षेप के बाद पंप हाउस का ताला खुला और बिजली कनेक्शन के जोडऩे के आदेश दिए गए।

ग्राम कौआझर के सरपंच डोमार सिंह मरकाम ने बताया कि उप सरपंच के घर पानी नहीं पहुंचने के कारण उसे पिछले तीन दिन से पंप हाउस में ताला बंद कर बिजली काट दी है। इससे ग्रामीण पानी की किल्लत से परेशान थे। कल सुबह तुमगांव थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई गई तब कहीं जाकर बिजली कनेक्शन को जोडऩे की बात पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण अभी गांव में नहीं हुआ है। गांव में तीन बोर के माध्यम से जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन से पानी दे रहे हैं। लेकिन गर्मी बढऩे के कारण वाटर लेवल डाउन हो गया है और गांव के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कौंआझर में 12 हैंडपंप हैं जिनमें वाटर लेवल कम होने के कारण पानी नहीं आ रहा है।

ठीक इसी तरह बरोंडाबाजार पंचाायत के आश्रित ग्राम परसठ्ठी के ग्रामीणों ने भी पानी की समस्या को लेकर कल पीएचई दफ्तर का घेराव किया। कार्यपालन अभियंता एसके धकाते ने ग्रामीणों को व्यवस्था में सुधार के लिए तीन दिन का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने भी कहा है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो पीएचई कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे। परसट्ठी में 6 हैडपंप हैं लेकिन जमीन के भीतर पानी का लेबल काफी नीचे चला गया है और हैंडपंप पानी नहीं दे रहा है।
 


अन्य पोस्ट