महासमुन्द
किसान कलेक्टोरेट पहुंचे, कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अप्रैल। सिंचाई विभाग से लीज में मिली जमीन में जीवन यापन करने वाले ग्राम झिलमिला के किसानों के करीब 20 हजार हेक्टेयर जमीन को वन विभाग नर्सरी बनाने के लिए अधिग्रहित कर रहा है। ये किसान सन 1980 से लीज की जमीन में खेती करते आ रहे है और अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। चिंतित किसान सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे थे और अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीण तिलक राम साहू, चमन लाल घ्रुव, भानु प्रताप, पुसऊ, संतराम, रवि, बिसाहू, नंदुराम ने बताया कि कोडार बांध डूबान प्रभावित व्यक्ति है। जमीन जायदाद डूबान में अधिग्रहित होने के बाद सन 1980 से ग्राम झिलमिला में स्थित शासकीय जमीन डूबान के ऊपर जमीन को कृषि कार्य करने सिंचाई विभाग द्वारा दिया गया है। यह धनहा व भर्री जमीन है। इसे किसान सिंचाई विभाग से लीज लेकर हर साल काश्तकारी करते आ रहे हैं। लीज का राशि शासन से निर्धारित है।
उसे नियमित जमा करते आ रहे हैं और उसी जमीन पर पूरा परिवार निर्भर है। अब इस जमीन के अलावा गांव की निस्तारी की जमीन को भी वन विभाग द्वारा अधिग्रहण करने की कार्रवाई कर रही है। इससे पूरा परिवार बेघर हो जाएगा। निस्तारी के लिए जमीन भी नहीं रह पाएगा। परिवार का भरण पोषण करने में परेशानी होगी।