महासमुन्द

तकनीकी खामियों के कारण वन विभाग स्वीमिंग पुल का शुभारंभ स्थगित
16-Apr-2022 3:59 PM
तकनीकी खामियों के कारण वन विभाग स्वीमिंग पुल का शुभारंभ स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 अप्रैल।
वन विभाग परिसर में 3 करोड़ की लागत से बने स्वीमिंग पुल में तैराकी का प्रशिक्षण लेने वालों को फिलहाल अभी और इंतजार करना होगा। शनिवार 16 अप्रैल को इसका शुभारंभ होना था, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है। कयास लगाया जा रहा है कि मई महीने में इसका लाभ लोगों को मिल सकता है। इसके अलावा प्रशिक्षक भी वन विभाग के पास नहीं है। केवल एक ही महिला प्रशिक्षक है। यह प्रशिक्षक वन विभाग की है। वहीं एक पुरुष प्रशिक्षक भी जल्द ही नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा विभाग ने निजी प्रशिक्षक भी नियुक्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।

इस स्वीमिंग पुल के शुभारंभ को लेकर वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत का कहना है कि तकनीकी खामियों के कारण नि:शुल्क ट्रॉयल नहीं हो पा रहा है। अप्रैल महीने के अंत तक काम पूरा हो जाएगा। मई में संभवत: शुरू हो जाएगा। स्वीमिंग का प्रशिक्षण देने के लिए तीन प्रशिक्षकों की आवश्यकता है। वन विभाग की ओर से दो प्रशिक्षक तैयार हो किए गए हैं। इसमें एक महिला व पुरुष है। इसके अलावा निजी प्रशिक्षक की भी नियुक्ति के लिए चर्चा चल रही है। जल्द ही निजी प्रशिक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। ये तीनों मिलकर प्रशिक्षण के लिए आने वालों को प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए वन विभाग जल्द ही शिविर का आयोजन करेगा, जिसमें स्वीमिंग के प्रति रुचि रखने वालों का पंजीयन किया जाएगा।

मालूम हो कि स्वीमिंग पुल का निर्माण 2019 में पूर्ण हो जाना था, लेकिन कोविड के चलते कार्य पूर्ण नहीं हो पाया। इस स्वीमिंग पुल की लागत 3 करोड़ रुपए है। इसका निर्माण एजेंसी गृह निर्माण मंडल को दिया गया था। 2018 में स्वीमिंग पुल का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन कोविड के कारण देरी हो गई। मार्च 2022 के अंत तक निर्माण पूरा होने के बाद गृह निर्माण मंडल ने स्वीमिंग पुल के संचालन के लिए वन विभाग को हैंड ओवर कर दिया है। स्वीमिंग पुल की देखरेख व प्रशिक्षण देने की पूरी जिम्मेदारी वन विभाग के पास है।
 


अन्य पोस्ट