महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अप्रैल। महासमुंद प्रवास में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पटेवा आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का अवलोकन किया। यहां उन्होंने यहां अव्यस्था देख आधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने कहा। फिर वे जिले के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने मिले। उन्होंने जल जीवन मिशन के संबंध में जानकारी ली, बिहान समूह की महिलाओं से मुलाकात की और उनसे हालचाल पूछे लेकिन पत्रकार वार्ता में पूरे समय उखड़े-उखड़े ही रहे। वो लगातार पत्रकारों के सवालों से परहेज करते रहे और एक सवाल में पत्रकारों को देर तक उलझाए रखा। उन्होंने हर दिन मंहगे होते रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल से जुड़े सवालों पर 20 मिनट का व्यवसायिक भाषण दिया जो किसी भी पत्रकार के समक्ष में नहीं आया। तीस मिनट के भीतर सवाल करने वाले पत्रकारों को कई बार झिडक़ा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आकाांक्षी जिले में महासमुंद जिले के दौरे का आदेश था। लिहाजा वे जिले का हालचाल जानने आए हैं। वे आखिर तक भूपेश सरकार पर दोष मढ़ते रहे और कहा कि पेट्रोल डीजल पर भारी भरकम वैैट लगाने के कारण ही ऐसा हो रहा है। इससे पहले केन्द्रीय मंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित सामग्रियां देखीं। मंत्री हरदीप सिंह को म्यूजिक एलईडी बल्ब ने काफी आकर्षित किया। इसके लिए उन्होंने महिला समूह की प्रशंसा की और ऐसे ही कार्य करते हुए आगे बढऩे कहा।
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास एवं शहरी मामले हरदीप सिंह पुरी ने जिला पंचायत परिसर मेें बिहान समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित विभिन्न सामग्रियों के लगाए गए हर्बल, एलईडी बल्ब, सूती वस्त्र, साड़ी, टेराकोटा, बांस से निर्मित सामग्री, मसाले और किचन उपयोगी सामग्रियों आदि के लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं से आत्मीय बातचीत की। उनके द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रशंसा की। उन्होंने समूह की महिलाओं से म्यूजिक एलईडी बल्ब जलाने और म्यूजिक कैसे चलता है, बताने कहा। समूह की महिलाओं ने मंत्री को म्यूजिक एलईडी बल्ब अपने मोबाईल के ब्लूटुथ के जरिए लाईट जलाकर और बल्ब म्यूजिक बजाकर दिखाया और छोटे रिमोट के जरिए एलईडी बल्ब के लाईट और म्यूजिक चालू और बंद करके भी दिखाया।
मंत्री श्री पुरी ने कल अपने महासमुंद प्रवास के दौरान जिला पंचायत के सभाकक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कामकाज की समीक्षा की। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने किए जा रहे कार्यों का प्रोजेक्टर के जरिए प्रस्तुतीकरण दिया।
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा आप लोग जिले के लोगों और यहां के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहें हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विकास और समस्याओं और उसके समाधान के लिए भी अधिकारियों से विस्तार से बात की। उन्होंने कहा नीति आयोग की ओर से जारी लिस्ट में कुछ पैरामीटर में न्यूट्रिशन में और ज्यादा काम करने की जरूरत है। इसकी पूरी योजना बनाकर और तेजी से काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनसे जो भी मदद चाहिए वो उन्हें बताएं। उनकी ओर से हर संभव मदद मुहैया करायी जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास शहरी के छत्तीसगढ़ राज्य में आंकड़ों पर भी बात की। उन्होंने महासमुंद में प्रधानमंत्री आवास का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में 6692 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हैं। जिसमें 4591 आवास पर काम हो रहा है। जिसमें 2796 हितग्राही लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कलेक्टर से कहा कि महासमुंद के न्यूट्रिशन में केन्द्र कैसे सहायता कर सकती है या कोई योजना हो उसे भी सामने रखें। कलेक्टर ने बताया कि कमार जनजाति के 3 से 6 वर्ष आयु के बालक एवं 1 से 49 वर्ष की बालिका और महिलाओं को सप्ताह में तीन दिन उबला अण्डा दिया जा रहा है। इसके अच्छे परिणाम भी आ रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की स्वच्छता मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना या अन्य योजना में जिले में कितनी डिमांड है या कोई डिमांड बचती है वो भी रखें। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में मंत्री को जानकारी दी कि कोडार जलाशय में वन चेतना केन्द्र, टैंटिंग, बोटिंग विकसित किया गया है। जिसे सैलानियों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। टैंटिंग में रुकने और बोटिंग के वाजिब दाम रखे गए है। इस अवसर पर लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक सहित कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
महासमुंद में मंत्री श्री पुरी से सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, सहकार भारती जिलाध्यक्ष जितेन्द्र साहू, निराश्रित संघ अध्यक्ष जगन्नाथ छुरा के नेतृत्व में एनआरएच राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में चयनित अभ्यर्थियों ने मुलाकात कर अपना मांग पत्र सौंपा। इस दौरान सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न पदों पर संविदा पद पर मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश नहीं मिलने के मानसिक रूप से बहुत परेशान हैं।
मंत्री हरदीप सिंह पुरी कल महासमुंद के पटेवा आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पहुंचे। वहां अव्यवस्था देख व्यवस्था सुधारने कहा। नर्स मीना चंद्राकर की तारीफ की। नवजात बच्चों और माताओं को मुलायम कपड़े भेंट किए। उन्होंने मां और बच्चे को अपनी शुभकामनाएं दी। मंत्री ने इसके बाद महासमुंद जिला अस्पताल में स्थित शासकीय चिकित्सालय महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी, चिकित्सा सुविधा का अवलोकन किया। उन्होंने एनएमसी नेशनल मेडिकल काउंसिल के आधार पर कमियों को दूर करने की बात कही। कॉलेज की डीन डा. यास्मिन खान ने महाविद्यालय संबंधित जानकारी दी।