महासमुन्द
महासमुंद, 14 अप्रैल। विद्युत विभाग में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी 29 अप्रैल को कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे। विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री उमेश पटेल ने बताया कि कर्मचारी पिछले 57 दिन से हड़ताल पर हंै। वे 22 दिन का कार्य बहिष्कार करते हुए 35 दिन से रायपुर स्थित बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अभी तक विचार नहीं किया गया है और न ही मांगों को लेकर उनके पास अब तक कोई जनप्रतिनिधि पहुंचा है। इसलिए 29 अप्रैल को कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा।
घेराव की जानकारी का ज्ञापन कर्मचारियों ने कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर से बुधवार को मुलाकात कर सौंपा है। विद्युत संविदाकर्मियों की दो प्रमुख मांगें हैं, जिसमें पूर्व में भर्ती लाइन परिचारक संविदा कर्मियों की तरह 2016 और 2018 में भर्ती संविदा कर्मियों को भी नियमित किया जाए। वहीं दूसरी मांग लाइन में कार्य के दौरान जितने भी विद्युत संविदा कर्मी शहीद हुए हंै उनके घर के किसी एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति की मांग शामिल है।