महासमुन्द
लोगों को पौधा पाठशाला विकसित होने की प्रतीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अप्रैल। शहर के आउटर में स्थित संजय कानन उद्यान में एक बार फिर से हरियाली देखने को मिलेगी। इसके लिए लोगों को पौधा पाठशाला विकसित होने की प्रतीक्षा करनी होगी। जानकारी अनुसार संजय कानन में सवा हेक्टेयर में पौधा लगाने की योजना है। जिसके लिए नर्सरी में पौधा तैयार किया जा रहा है जो आगामी जून तक तैयार हो जाएगा। नर्सरी में जो पौधे तैयार किए जा रहे हैं, उसमें औषधि पौधे शामिल है। पौध पाठशाला में पौधों के स्थानीय नाम, वानस्पतिक नाम और परिवार, पौधे के उपयोगी भाग, पौधों के विभिन्न प्रकार, बीज संग्रहण का समय व बीज की संख्या प्रति किलोग्राम, अंकुरण का प्रतिशत क्षमता अन्य विषयों की जानकारी भी दी जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संजय कानन में पौधा पाठशाला के लिए तैयारी चल रही है। जून माह से ही पौधारोपण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संजय कानन में 14 लाख रुपये की लागत से खनिज पाठशाला के लिए भवन निर्माण कार्य जारी है। इसका निर्माण कार्य भी लगभग अंतिम चरण में है। यहां महासमुंद जिले में मिलने वाले खनिजों का संग्रहण किया जाएगा। इसकी यहां प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिसमें लोगों को जानकारी भी प्रदान की जाएगी। एक.दो महीने में यहां खनिज पाठशाला का भवन बनकर तैयार हो जाएगा। आस.पास औषधीय पौधे होने के बाद भी लोग जान नहीं पाते। पौधा पाठशाला विकसित होने के बाद तमाम पौधों की जानकारी के साथ उसकी उपयोगिता बताई जाएगी।
बहरहाल शहर के संजय कानन में पौधा पाठशाला का निर्माण जारी है। पौधा पाठशाला में विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुके करीब दो सौ प्रजाति के पौधे रोपे जाएंगे। पौधारोपण करने का मुख्य उददेश्य इतना ही नहीं, युवा पीढ़ी में पौधों के प्रति जागरूता लाने व पेड़ पौधों की खूबियां बताई जाएंगी। मालूम हो कि इसके लिए संजय कानन में बांस की नर्सरी काटी जा चुकी है जिससे वर्तमान में हरियाली गायब है।