महासमुन्द

जिला अस्पताल के एक्सरे, फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन, नेत्र रोग सहायक, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी हड़ताल पर
12-Apr-2022 3:14 PM
जिला अस्पताल के एक्सरे, फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन, नेत्र रोग सहायक, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी हड़ताल पर

मरीजों को एक्सरे, सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अप्रैल।
महासमुंद जिला अस्पताल में एक्सरे, फार्मासिस्ट व टेक्नीशियन, नेत्र रोग सहायक के साथ चतुर्थ श्रेणी वर्ग के लगभग 20 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हालांकि जिला अस्पताल की नर्सें हड़ताल पर नहीं है। लिहाजा जिला अस्पताल में मरीजों को चिकित्सकीय सुविधाएं मिल रही हैं। लेकिन लोगों को एक्सरे, सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

छग स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष सरोज मिश्रा ने बताया कि हम केंद्र के समान 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के तहत गृहभाड़ा की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश सरकार हमें सिर्फ 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही है। हम सभी कैडरों की वेतन विसंगति को दूर करने और संविदा प्रथा खत्म कर संविदा कर्मियों को नियमित नियुक्ति प्रदान करने की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर जिले में संघ के 400 से अधिक कर्मचारी अवकाश लेकर हड़ताल पर गए हैं। सरोज मिश्रा ने बताया कि कल 13 अप्रैल को अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

मालूम हो कि प्रदेश में कल सोमवार से स्वास्थ्य कर्मचारी भी अवकाश लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारी महंगाई भत्ता, वेतन विसंगति दूर करने और नियमित नियुक्तियों जैसी मांग को लेकर यह हड़ताल कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह आंदोलन कल बुधवार तक  जारी रहेगा। इसके तहत महासमुंद जिले के भी लगभग 400 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। इस हड़ताल में टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ  नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। विभाग में संविदा कर्मचारी भी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर इनके साथ आ गए हैं। वे भी तीन दिन के सामूहिक अवकाश के साथ हड़ताल पर हैं।

स्वास्थ्य कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के संबंध में सीएमएचओ महासमुंद डॉ.एसआर बंजारे ने कहा कि हड़ताल के संबंंध में हमें जानकारी नहीं मिली है कि कहां से कितने-कितने कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यह जानकारी मिलेगी, फिर उसके अनुसार ही हम स्वास्थ्य सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का प्रबंध करेंगे।


अन्य पोस्ट