महासमुन्द
महासमुंद, 12 अप्रैल। जनपद पंचायत के परिसर में पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे मनरेगा के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कल सोमवार को भरी दुपहरी में कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उनकी रैली जनपद पंचायत परिसर से शुरू हुई और बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, भाजपा कार्यालय होते हुए कलेक्टोरेट के पीछे जिला न्यायालय वाले मार्ग से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची। यहां पुलिस के अधिकारी और जवानों ने रैली को गेट के सामने रोका और उनकी मुलाकात डिप्टी कलेक्टर से कराई। मालूम हो कि मनरेगा के अधिकारी कर्मचारी पिछले आठ दिनों से जनपद पंचायत के परिसर में अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं। मनरेगा कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से जिले में मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों पर ब्रेक लग गया है। मजदूरों को भी रोजी रोटी के लिए परेशानयों का सामना करना पड़ रहा है। मनरेगा के अधिकारी व कर्मचारियों ने डिप्टी कलेक्टर से कहा कि उनकी मांगों पर अभी तक विचार नहीं हो पाया है। शासन के पास उनकी मांग पत्र पहुंच रही है या नहीं, इसकी जानकारी दी जाए।