महासमुन्द

प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से आक्रोशित मितानिनों का 5 सूूत्रीय मांगों के साथ राजधानी में आंदोलन जारी
11-Apr-2022 4:06 PM
प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से आक्रोशित मितानिनों का 5 सूूत्रीय मांगों के साथ राजधानी में आंदोलन जारी

जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता, वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अप्रैल।
सही समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने तथा घर में प्रसव के कारण ग्राम गुडरुडीह में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है। इस वक्त प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से आक्रोशित महासमुंद जिले की मितानिनें भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गई हैं। मितानिनों का कहना है कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगी। उनके हड़ताल में चले जाने के कारण जिले के स्वास्थ्य कार्यक्रम को झटका लगा है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसव के लिए महिलाओं को अस्पताल लाने वाला कोई नहीं है। बहरहाल प्रसव घरों में ही कराए जा रहे हैं। जानकारी मिली है कि मितानिन के नहीं होने से जिले में समय पर परिजन गर्भवती को चिकित्सालय नहीं ले जा पाए और प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गई।

मितानिन हेमलता सेन ने बताया कि 2 अप्रैल को ग्राम गुडरुडीह में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है। उसकी मौत का कारण सही समय में अस्पताल नहीं पहुंच पाना है। क्योंकि मितानिनें अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चली गई हैं। इसके कारण परिजनों को जानकारी का अभाव रहा। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं कर रही है। यदि ऐसा रहा तो प्रसव सहित अन्य कार्य भी प्रभावित होने की संभावना है।

मितानिनों की मांग है कि राज्यांश 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 फीसदी किया जाए, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत, समन्वयक, एरिया कोआर्डिनेटर व हेल्प डेस्क फेसिलिटेटर को 100 प्रतिशत राज्य अंश दिया जाए, घोषणा पत्र में मितानिन टीम को प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त राशि प्रति माह पांच-पांच हजार रुपए प्रदान किया जाए, मितानिन को उनके निर्धारित कार्य जिसमें राशि मिलती है। उनके अतिरिक्त अन्य सभी कार्य के लिए राशि दिया जाए, कुछ प्रकरण के दवा प्रपत्र राशि में राज्य अंश दान नहीं मिलता उन में भी सौ प्रतिशत राज्य अंश दिया जाए, मितानिन, प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वय एवं स्वस्थ्य पंचायत, समन्वयक, एरिया कोआर्डिनेटर व हेल्पडेस्क फेसिलिटेटर का मासिक भविष्यनिधि राशि जमा की जाए और मृत्यु होने पर व काम करने में असमर्थ हो तो नया चयन में परिवार वालों को प्राथमिकता दी जाए, बीसीएसपी, एसएमटी और मितानिन की शिकायत संबंधी जांच व निराकरण बीएमओ के द्वारा गाइडलाइन के अनुसार हो।
 


अन्य पोस्ट