महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल। आदर्श स्कूल को स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम स्कूल बनाने का विरोध अब खुलकर शुरू हो गया है। इसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सडक़ पर उतर गए और नारेबाजी करने लगे। अभाविप केसाथ मिलकर बच्चों ने चक्काजाम भी किया। मालूम हो कि प्रशासन ने शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक शाला महासमुंद को स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम स्कूल बनाने का फैसला किया है। इस स्कूल में पढऩे वाले बच्चे इसी बात का बच्चे विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि नाम बदलकर इसे स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम कर दिया जाएगा, तो यहां की क्षमता कम हो जाएगी।
स्कूली बच्चों का कहना है कि ऐसे में हम कहां जाएंगे। जो बच्चे दूसरे जगह से यहां पढऩे आ रहे हैं वो कहां जाएंगे। हम नहीं चाहते की स्कूल का नाम बदल जाए। इसी बात का हम विरोध कर रहे हैं। इस लेकर छात्रों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के युवाओं के साथ पहले भी कलेक्टर से मुलाकात की थी।
जानकारी के मुताबिक कल सभी बच्चे सुबह के वक्त शहर के बीच से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 353 स्थित बरोंडा चौक पहुंच गए थे। इन बच्चों में स्कूली छात्राएं भी शामिल थीं। यहां पहुंचने के बाद छात्र और अभाविप के कार्यकर्ता सडक़ पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। सडक़ पर बैठने के कारण दोनों तरफ से जाम लग गया। इस बात की सूचना जब पुलिस को लगी तब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
बच्चे और अभाविप के कार्यकर्ता जोर-जोर से नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने एक बस बुलाई और कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती उठाकर बस में बिठाया। जब बस उन कार्यकर्ताओं को लेकर आगे बढऩे लगी तो स्कूली छात्राएं उसी बस के सामने बैठ गईं और फिर नारेबाजी करने लगीं। इस पर भी पुलिसकर्मियों ने उन्हें काफी समझाया, तब जाकर पूरा मामला शांत हुआ। छात्रों का यह प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने बताया कि छात्रों के चक्काजाम की सूचना नहीं थी। समझाइश के बाद जब नहीं मानें तो यातायात बहाल करने कार्यकर्ताओं व बच्चों को उठाया और बस में बिठाया गया। एसडीएम भागवत जायसवाल का कहना है कि विद्यार्थियों ने पूर्व में झापन सौंपा है। सौंपे ज्ञापन पर उन्हें आश्वासन दिया जा चुका है। इसके बाद भी उनके द्वारा बिना सूचना चक्काजाम किया गया।