महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। आंगनबाड़ी से निकलने वाले बच्चों के लिए इस साल बालवाड़ी की शुरुआत नए शिक्षा सत्र से होगी। बालवाड़ी का संचालन दो विभाग को एक साथ करना है। इसमें एक विभाग पढ़ाएगा तो दूसरा विभाग बच्चों को खाना खिलाएगा। शिक्षा विभाग के शिक्षक बालवाड़ी में बच्चों को पढ़ाएंगे और महिला एवं बाल विकास विभाग इन बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था करेगी। दोनों विभाग के सामंजस्य से ही इन बालवाडिय़ों का संचालन होगा।
मालूम हो कि आगामी 16 जून से नए शिक्षा सत्र के साथ ही इसका संचालन शुरू होना है। लेकिन इसकी तैयारियां अब तक शून्य है। जिले में कितनी बालवाड़ी होगी और यहां कितने बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। इससे संबंधित जानकारी अब तक न तो शिक्षा विभाग के पास है और न ही महिला एवं बाल विकास विभाग के पास। बालवाडिय़ों को शुरू करने के लिए अब केवल ढाई महीने का ही समय शेष रह गया है। दोनों ही विभाग के अधिकारियों ने अब तक बच्चों के सर्वे तक का काम भी नहीं किया है।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चंद्रसेन का कहना है कि वर्तमान में लोकल की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। वहीं मूल्यांकन का कार्य भी चल रहा है। बालवाड़ी के लिए सर्वे का काम शुरू करना है। इसकी रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी। इधरए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी समीर पांडेय का कहना है कि बच्चों के सर्वे का काम शिक्षा विभाग के पास है। जैसे ही सर्वे का काम होगा, बालवाड़ी का संचालन किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सर्वे का काम शिक्षक व महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायिका व कार्यकर्ता करेंगे। शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग की टीम सर्वे के दौरान ऐसे उम्र वाले बच्चों का चिह्नांकन करेगी, जिनका उम्र 4 से 5 साल तक हो। इन्हीं उम्र के बच्चों को बालवाड़ी में प्रवेश दिया जाएगा। सर्वे का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। इसलिए विभाग के पास इस उम्र वर्ग के बच्चों की कोई जानकारी नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले में कुल 1980 प्राइमरी स्कूल और 1795 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन दोनों ही संस्थानों में पढ़ाई करने के लिए आने वाले बच्चों के उम्र के आधार पर चयन किया जाएगा। क्योंकि बालवाड़ी एक तरह का प्ले स्कूल होगा, जहां आंगनबाड़ी से निकलने वाले बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। इन बच्चों की उम्र 4.5 साल की होगी। बताया जा रहा है कि जहां आंगनबाड़ी केंद्र स्कूल परिसर में स्थित हैं, बालवाड़ी का संचालन नहीं होगा। जिले में 575 ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जो स्कूल परिसर में संचालित हो रहे हैं। गाइडलाइन के अनुसार यहां बालवाड़ी का संचालन नहीं होगा। 4 साल के बच्चों के लिए जिले में पहले से ही आंगनबाड़ी संचालित है। नई शिक्षा नीति के अनुसार पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आयु सीमा 6 वर्ष निर्धारित की गई है।
ऐसे में 4 से 5 साल तक के बच्चों को बालवाड़ी में प्रवेश देने की योजना है।