महासमुन्द

कॉलेजों की वार्षिक परीक्षा ऑनलाइन, 16 अप्रैल से 8 मई तक चलेगी
03-Apr-2022 6:01 PM
कॉलेजों की वार्षिक परीक्षा ऑनलाइन, 16 अप्रैल से 8 मई तक चलेगी

महासमुंद, 3 अप्रैल। रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा ऑनलाइन पद्वति से 16 अप्रैल को प्रारंभ होगी। इसके लिए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिया गया है। इस बार छात्रों को पर्चा लिखने के बाद मात्र सात घंटे के अंदर स्वयं महाविद्यालय में पहुंचकर उत्तरपुस्तिका जमा करना होगा। दिनभर का वक्त इस साल नहीं दिया गया है। प्रश्न-पत्र सुबह कॉलेज की आईडी में अपलोड कर दिया जाएगा। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रश्न-पत्र भेजे जाएंगे। इसके अलावा इस बार स्वयं उत्तरपुस्तिका खरीदकर पर्चा परीक्षार्थी हल नहीं करेंगे। छात्र महाविद्यालय द्वारा दिए जाने वाली उत्तरपुस्तिका में पर्चा हल करेंगे।

 उत्तरपुस्तिका वितरण को लेकर विवि ने आदेश जारी कर दिया है। 13 अप्रैल के पूर्व महाविद्यालयों में उत्तरपुस्तिका का वितरण पूरा कर लिया जाएगा। छात्र प्रवेश-प्रत्र दिखाकर उत्तरपुस्तिका प्राप्त करेंगे। अवकाश के दिनों भी कालेज खुला रहेगा।

कॉलेज की परीक्षाएं 16 अप्रैल से प्रारंभ होकर 8 मई तक चलेगी। सबसे लंबी परीक्षा बीएससी की चलेगी। जबकि स्नाकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 4 से 5 दिनों में ही समाप्त हो जाएगी। शासकीय अवकाश व रविवार के दिन भी छात्रों को पर्चे हल करने होंगे। उत्तरपुस्तिका संग्रहण के लिए अवकाश के दिन भी कॉलेज खुले रहेंगे।


अन्य पोस्ट