महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बलौदा में सोमवार की दोपहर एक होटल में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के बाद अचानक ही होटल के भीतर एक जोरदार धमाका हुआ जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन दुकानदार का पूरा सामान जलकर राख हो गया है।
बलौदा चौकी प्रभारी नसीमुद्दीन ने बताया कि सेंट्रल बैंक के पास ही एक होटलनुमा दुकान है। सोमवार की दोपहर यहां अचानक आग लग गई। दुकान में दो गैस सिलेंडर भी रखा था। जिसमें से एक भरा हुआ था और दूसरा खाली था। आग लगने के कारण एक सिलेंडर फट गया और दुकान में आग तेजी से फैल गई। दुकानदार ने हाल ही में दुकान के बगल में प्लास्टिक हार्डवेयर की भी दुकान शुरू की थी। सिलेंडर फटने के कारण उक्त दुकान का सामान भी जलकर राख हो गया। सरायपाली से फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसने आग पर काबू पाया।