महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद की मान्यता और इसके लिए कमियों को दूर करने के संबंध में नेशनल मेडिकल काउंसिल द्वारा मिले पत्र के बाद प्रबंधन इसे दूर करने के कार्यों में जुट गया है। बीते शुक्रवार को पत्र मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की टीम कमियों को दुरुस्त करने के लिए छुट्टियों के दिन भी काम पर रही। इसके तहत कल रविवार को भी तैयारियों के संबंध में डीन, प्राध्यापकों व अन्य अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें कमियां सुधारने के उपायों और कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गौरतलब है कि कॉलेज प्रबंधन को 15 दिन के भीतर कमियों को दूर करने अपने स्टेटस के संबंध में एनएमसी को जवाब देना है। एनएमसी ने विभागों के साजो-सामान और मशीनों की कमी को अपने पत्र में दर्शाया था। टीम के निरीक्षण के बाद ही कॉलेज के लिए विभिन्न सामानों की खरीदी भी कर ली गई है। गौरतलब है कि इस बार महासमुंद मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान करने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के साथ.साथ जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि भी जी-जान से जुटे हैं।
एनएमसी ने इंस्पेक्शन के बाद भेजे पत्र में कॉलेज के लिए पर्याप्त स्पेस नहीं होने की बात कही थी। कॉलेज प्रबंधन महासमुंद में अन्य भवन को विकल्प के तौर पर तलाश रहा है। मेडिकल कॉलेज के लिए जीएनएम और एएनएम बिल्डिंग, बरोंडाबाजार स्थित लाइवलीहुड़ कॉलेज का अधिग्रहण कर मेडिकल कॉलेज के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। इसके लिए पर्याप्त फर्नीचर भी आ गए हैं और कुछ और सामान भी आने वाले दिनों में पहुंचने वाले हैं।