महासमुन्द

भगवान ज्ञानी को नहीं बल्कि भक्त को दर्शन देते हैं-हिमांशु कृष्ण
27-Mar-2022 2:44 PM
भगवान ज्ञानी को नहीं बल्कि भक्त को दर्शन देते हैं-हिमांशु कृष्ण

कृष्ण जन्मोत्सव का गीत सुनते ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु झूमने लगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च।
शहर के दादाबाड़ा में आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के चौथे दिन कल हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने व्यास पीठ से कृष्ण जन्मोत्सव, राम कथा, प्रहलाद चरित्र, वामन अवतार की कथा विस्तार से सुनाई। जैसे ही कथा के दौरान कृष्ण जन्म का प्रसंग आया और कथा पंडाल में भगवान कृष्ण के रूप में बालक वासुदेव के रूप में एक व्यक्ति मथुरा से गोकुल पहुंचने का अभिनय करते हुए मंच की ओर बढऩे लगे, और पूरा पंडाल जयकारों से गूंजने लगा। मुख्य जजमान और सह जजमानों ने भगवान कृष्ण व वासुदेव की अगवानी करते हुए उन्हें कथा मंच पर ले गए। कृष्ण जन्मोत्सव का गीत कथा वाचक ने शुरू किया तो हजारों की संख्या में श्रद्धालु झूमकर नाचने लगे। वहीं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने और कान्हा का दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ कथा पंडाल पर उमड़ी पड़ी।

व्यास पीठ से पं. हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने सूत द्वारा बोली गई कथा के प्रसंग में कहा कि एक पिता ने गौरा नामक बालक को विद्वान और ज्ञानी बनाने गुरुकुल में छोड़ा। गौरा पढ़ाई में कमजोर था लेकिन गुरुओं की सेवा बड़े ही मन लगाकर करता था। गुरु ने गौरा को गाय चराने भेज दिया। रास्ते में एक व्यक्ति ने गौरा से कहा कि जो कोई गाय चराने ले जाता है उसकी सेवा करता है उसे भगवान मिल जाता है।

उस व्यक्ति ने गौरा से कहा जोर-जोर से पुकारों तो आ जाएंगे। गौरा गोपाल-गोपाल कह कर पुकारने लगा, किन्तु भगवान नहीं आए। गौरा का उदास चेहरा देखकर गुरु ने गौरा से पूछा क्या बात है। गौरा ने गुरु को पूरी बात बताई, तो गुरुजी को लगा कोई गौरा से छल कर रहा है।

गुरु ने फिर से गौरा को आवाज लगाने को कहा। लेकिन भगवान प्रकट नहीं हुए तो मायूस होकर गौरा ने पुन: आवाज नहीं लगाई। तभी पीछे से एक आवाज आई कि गौरा आज तुमने मुझे आवाज क्यों नहीं लगाया। दोनों में प्रागढ़ मित्रता हो गई। गुरु जी को गौरा की चिंता होने लगी। गुरु के पूछने पर गौरा ने सब बता दिया। गुरु ने सोचा कहीं कोई गौरा के साथ छल तो नहीं कर रहा। तो गुरु जी ने गौरा से पूछा तो गौरा गोपाल का रंग रूप सब बता दिया। गुरु ने गौरा से कहा दोबारा जाने पर फिर से आवाज लगाना। गौरा ने गुरु द्वारा दालबाटी आमंत्रण की बात बताई तो गोपाल ने इंकार कर दिया। गौरा के मनाने पर गोपाल राजी हुए। जैसे ही गुरु ने भगवान का विशाल रूप को देखा वे नतमस्तक हो गए। गुरु ने गौरा को हाथ जोडक़र प्रणाम किया। प्रसन्नता जाहिर की। भगवान ज्ञानी या विद्वान को नहीं बल्कि भक्तों को दर्शन देते हैं।

कथा वाचक पं. हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने कथा सुनाते हुए कहा भागवत की कथा सुनना और भगवान को अपने मन में बसाने से व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन आता है। भगवान हमेशा आपने भक्त को पाना चाहते हैं, जितना भक्त भगवान के बिना अधूरा है उतना ही अधूरा भगवान भी भक्त के बिना है। भगवान ज्ञानी को नहीं बल्कि भक्त को दर्शन देते हैं और सच्चे मन से ही भगवान को प्राप्त किया जा सकता है।

नगरवासियों की ओर मुख्य जजमान के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर व उनकी धर्मपत्नी ललिता चंद्राकर, सह जजमान के तौर पर साहू समाज से बाबूलाल साहू व धर्मपत्नी मीना साहू, ब्राह्मण समाज से सुशील शर्मा व धर्मपत्नी डॉ.मंजू शर्मा शामिल हुए। इस दौरान कथा श्रवण करने छग बीज विकास निगम अध्यक्ष व पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर व दिव्येश चंद्राकर पहुंचे।
 


अन्य पोस्ट