महासमुन्द

पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने का संदेश साइकिल चलाते महासमुंद से सिरपुर पहुंचे विधायक-कलेक्टर-एसपी
27-Mar-2022 2:40 PM
पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने का संदेश साइकिल चलाते महासमुंद से सिरपुर पहुंचे विधायक-कलेक्टर-एसपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च।
पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने के साथ ही जिले के पुरातन संस्कृति से लोगों को रूबरू कराने के उद्देश्य से टूर डे सिरपुर साइकिल यात्रा का आयोजन कल शनिवार को किया गया। यात्रा वन विद्यालय महासमुंद से सुबह साढ़े सात बजे निकली। जिसे संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वे खुद भी साइकिल चलाते हुए पहले स्टॉपेज बेमचा तक गए।

टूर डे सिरपुर यात्रा में कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी सहित करीब 100 लोग शामिल हुए। संसदीय सचिव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में लोकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री के मंशानुरूप कार्य किया जा रहा है।

कार्ययोजना में प्रदेश में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए वेलनेस टूरिज्मए एग्रो टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म को शामिल किया गया है। संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने कहा कि ऐतिहासिक पर्यटन स्थल सिरपुर को विकसित करने के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर से साइकिल यात्रा करने वाली 62 वर्षीय जस्सी और आकाशवाणी के 58 वर्षीय सयबा मांझी सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यात्रा में कलेक्टर क्षीरसागर की धर्मपत्नी डॉ. पल्लवी सहित उनके दोनों पुत्र श्रव्य क्षीरसागर व चिरंजीव क्षीरसागर ने भी हिस्सा लिया। 


अन्य पोस्ट