महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। टूर डे सिरपुर सायकल यात्रा आज शनिवार 26 मार्च को महासमुंद के वन विद्यालय से सबेरे 7:30 बजे रवाना हुई। इसी के साथ राजधानी रायपुर के मरीन ड्राईव से भी टूर डे सिरपुर सायकल यात्रा सुबह 6 बजे सिरपुर के लिए निकली। दोनों सायकल यात्रियों का मेल-मिलाप महासमुंद के वन चेतना केन्द्र कोडार में होगा। उसके बाद रायपुर और महासमुंद के सायकल यात्री यहां से सिरपुर के लिए रवाना होंगे।
सायकल यात्रा में जिले के आला अधिकारियों सहित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए हैं। सायकल यात्रा के दौरान सिरपुर तक तीन स्टॉपेज होंगे। पहला स्टॉपेज बेमचा, दूसरा वन चेतना केन्द्र कोडार और तीसरा सिरपुर लक्ष्मण मंदिर परिसर होगा।
मालूम हो कि सायकल यात्रा टूर डे सिरपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटन एवं प्रकृति को बढ़ावा देना है। महामसुंद जिले के वासियों के लिए ऑनलाईन पंजीयन नि:शुल्क था। अन्य जिले के प्रतिभागियों के लिए पंजीयन शुल्क 3 हजार रुपए रखा गया था। जिसमें खाने, रुकने और किट की सुविधा प्रदान की गई थी। महासमुंद से सिरपुर के लिए यात्रा 30 किलोमीटर की है। जानकारी के मुताबिक यात्रा समापन के बाद आज शनिवार रात को सिरपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सिरपुर में ठहरने वाले यात्री कल रविवार 27 मार्च को सवेरे अपने-अपने स्थान को लौटेंगे।