महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। राष्ट्रीय राजमार्ग 353 झालखम्हरिया के पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में गुरूवार रात एक बजे अचानक आग लग गई। इससे कबाड़ का गोदाम व सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही महासमुंद, पिथौरा व रायपुर की फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू हुआ। कल शुक्रवार देर शाम तक पानी डालकर आग की तपिश को शांत करने का प्रयास किया जाता रहा। आग से करीब तीन लाख रुपए का कबाड़ जल जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक आग लगने की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई है। घटना स्थल पर मौजूद गोदाम के एक कर्मचारी ने बताया कि यह गोदाम वार्ड क्रमांक4 निवासी तोमेश टावरी का है। रात एक बजे कबाड़ गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली,तो सभी मौके पर पहुंचे। आग की लपटें बहुत तेज थीं। इसके बाद दमकल को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात में आगजनी की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह महासमुंद से एक फायर ब्रिगेड आग बुझाने आया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाने से पहले ही पानी समाप्त हो गया। इसके बाद बागबाहरा से भी दमकल मंगाया गया। दोनों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाते इससे पहले ही गोदाम के बाहर व अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। शुक्रवार दोपहर को रायपुर से फायर ब्रिगेड मंगाकर आग बुझाने की कोशिश की गई। इस आगजनी का कारण अज्ञात है। इससे लाखों का कबाड़ जलकर खाक हुआ है।