महासमुन्द
जांच की रिपोर्ट जब तक नहीं आएगी, तब तक कलेक्टोरेट के सामने धरने पर बैठेंगे-चोपड़ा
मेन गेट खोल परिसर में घुसे अभ्यर्थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। स्वास्थ्य विभाग में संविदा भर्ती में लेटलतीफी व निरस्त करने की बात को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। कल दूसरे दिन भी अभ्यर्थी पूर्व विधायक व भाजपा के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में कलेक्टोरेट परिसर में धरना व प्रदर्शन करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट के सामने ही रोक लिया। इसके बाद पूर्व विधायक, उनके समर्थक व अभ्यर्थियों ने धक्का-मुक्की कर मेन गेट खोल परिसर में घुस गए। करीब घंटेभर नारेबाजी के बाद उनका प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिला और समस्याओं से अवगत कराया।
कलेक्टर नीलेश कुमार ने कहा कि जांच अंतिम चरण में है। तीन चार दिन में पूरा हो जाएगा। मालूम हो कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों के संविदा भर्ती जुलाई में होनी थी। सूची निरस्त करने की जानकारी होने पर वे आक्रोशित हो गए। अभ्यर्थी पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा के पास पहुंचे। गुरूवार को डा. चोपड़ा के नेतृत्व में कलेक्टोरेट का घेराव कर कल शुक्रवार से आंदोलन में बैठने की चेतावनी दी थी। इसी क्रम में सभी वहां पहुंचे थे। पूर्व विधायक ने बताया कि जांच की रिपोर्ट जब तक नहीं आएगी, तब तक अभ्यर्थी कलेक्टोरेट के सामने धरने पर बैठेंगे। इसकी शुरुआत आज शनिवार से की गई है।