महासमुन्द

हड़ताल की वजह से आरएचओ, उपस्वाथ्य केंद्रों में रूका टीकाकरण
26-Mar-2022 3:20 PM
हड़ताल की वजह से आरएचओ, उपस्वाथ्य केंद्रों में रूका टीकाकरण

52 हजार 633 का लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 300 को लगा टीका

लगभग 20 हजार किशोरों को भी पहला डोज नहीं लग पाया है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च।
जिले के लोगों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इम्यून सिस्टम डेवलप करने खातिर जारी टीकाकरण कार्यक्रम आरएचओ के हड़ताल पर जाने से कमजोर पड़ गया है। इन दिनों 15 से 18 और 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों के साथ-साथ 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। अभी तक लगभग 300 बच्चों को ही टीका लग पाया है। जबकि जिले को इसके लिए 52 हजार 633 का लक्ष्य मिला है। इससे इतर लगभग 20 हजार किशोरों को भी पहला डोज नहीं लग पाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 60 वर्ष से अधिक वर्ग के प्रिकॉशन डोज का अभियान भी धीमा पड़ गया है।

जानकारी के मुताबकि प्रदेशभर के ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक राजधानी रायपुर में गत 21 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसमें महासमुंद जिले के 358 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक भी शामिल हैं। हड़ताल की वजह से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल बिगड़ता जा रहा है। जिले में रूटीन टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना टीकाकरण का काम भी प्रभावित हो रहा है। हालांकि सीएमएचओ ने वैक्ल्पिक व्यवस्था के तहत टीकाकरण सत्र आयोजित करने के लिए सीएचओ को आदेश जारी किया था। लेकिन सूत्रों की मानें तो सीएचओ को न तो इसका अनुभव है और न ही उन्हें इसका प्रशिक्षण ही दिया गया है। इसके चलते मितानिनों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मालूम हो कि किसी भी उपस्वास्थ्य केंद्र पर रूटीन टीकाकरण के दिन मितानिन की उपस्थिति पर उन्हें 200 रुपए मिलते हैं। इसके साथ ही बच्चों को बूस्टर डोज और खसरा का टीका लगाने पर भी मितानिनों को कुछ प्रोत्साहन राशि प्राप्त होती है। बीते 21 तारीख से आरएचओ की हड़ताल के चलते जिले के सैकड़ों उपस्वास्थ्य केंद्रों पर रूटीन टीकाकरण ही आयोजित नहीं हो पाया है। इसके कारण बच्चों को समय पर टीका नहीं लग पा रहा है और आम लोगों को भी ओपीडी जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। महासमुंद जिले में मंगलवार और शुक्रवार को रूटीन टीकाकरण आयोजित होता है। इसमें मितानिनों का काफी सहयोग रहता है। वे गर्भवतियों और छोटे बच्चों को टीकाकरण के लिए उपस्वास्थ्य केंद्र तक लेकर आती हैं।


अन्य पोस्ट