महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। पिछले कई दिनों से दो दंतैल महानदी के आसपास ही घूम रहे हैं। वन विभाग का अमला सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों को अलर्ट कर रहा है और रात यानी अंधेरे में ग्रामीणों को घर से निकलने के लिए मना कर रहा है। दोनों दंतैल रात में गांव के आसपास रहते हंै और बस्ती में भी घुस आते हैं। दंतैलों पर विभाग का हाथी मित्र लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मालूम हो कि गुरूवार को ही सिरपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे दो दंतैल बडग़ांव के बस्ती में घुस गया था। बस्ती में दोनों बड़े आराम से घूमते रहे और सुबह होते ही फि र महानदी के पास पहुंचे और नहाने के लिए नदी में उतरे। वन विभाग के मुताबिक गर्मी के दिनों में दोनों दंतैल को महानदी व आसपास का क्षेत्र भा रहा है। रात में ये गांव व बस्ती घूमते हैं और सुबह होते ही फिर महानदी में उतर जाते हैं। जल क्रीड़ा करते हैं।
गौरतलब है कि हाथी मित्र व ट्रेनिंग सेंटर के जवानों के भरोसे ग्रामीणों की सुरक्षा की जा रही है, क्योंकि वनों की रक्षा व हाथी से बचाने वाले वनकर्मी इन दिनों अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण विभागीय कामकाज के अलावा वनों की सुरक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। हालांकि वन विभाग दावाकर रहा है कि हाथी मित्र, वन समिति व ट्रेनिंग स्कूल के जवानों के साथ व्यवस्था में सुधार ला रहे हैं। इस संबंध में टीआर सिन्हा का कहना है कि वनों की सुरक्षा समिति के माध्यमों से हो रही है। हाथी पर भी नजर बनाए हुए हैं। आसपास गांवों में लोगों को अलर्ट कर कर रहे हैं।