महासमुन्द

प्रबल प्रताप ने गंगाजल से धोए 500 लोगों के चरण, कराई मूल धर्म में वापसी
26-Mar-2022 2:55 PM
प्रबल प्रताप ने गंगाजल से धोए 500 लोगों के चरण, कराई मूल धर्म में वापसी

कटांगपाली में हुआ विश्व कल्याण महायज्ञ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च।
महासमुंद के कटांगपाली गांव में बीते मंगलवार को आयोजित विश्व कल्याण महायज्ञ में लगभग पांच सौ लोगों ने घर वापसी की। महायज्ञ का आयोजन आर्य प्रतिनिधि समाज एवं नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक सम्पत अग्रवाल के विशेष सहयोग से किया गया था। बीजेपी के प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इन लोगों के चरण गंगाजल से पखार कर मूल धर्म में वापसी कराई। इस दौरान जूदेव ने कहा कि जब तक मतांतरण के शिकार हुए हर व्यक्ति की सनातन धर्म में वापस नहीं होती है, तब तक घर वापसी का अभियान लगातार चलता रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से हिंदुओं का जबरन मतांतरण कराने वालों का विरोध करने की भी अपील की।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वामी देव नंद, आचार्य अंशुदेव आर्य, अखिल भारतीय धर्म जागरण समन्वयक के राष्ट्रीय सह प्रमुख राजेंद्र प्रसाद, नंदकुमार साय, पंडित ऋषिराज आर्य, पंडित पंकज भारद्वाज, रामचंद्र अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सोनू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद थे। प्रबल प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए कहा कि सनातन धर्म की रक्षा करना उनके जीवन का एकमात्र संकल्प है। उन्होंने बताया कि घर वापसी करने वाले अधिकांश परिवार बसना सराईपाली के हैं।

हिंदू धर्म में लौटने वाले परिवारों ने बताया कि करीब तीन पीढ़ी पहले उनके पूर्वजों का मतांतरण हुआ था। उस वक्त वे बेहद गरीब थे और मिशनरियों की ओर से कुछ आर्थिक मदद और बीमारियों में इलाज की सहायता मिलने का प्रलोभन मिलने के बाद धर्म परिवर्तन कर लिया था।
 


अन्य पोस्ट