महासमुन्द
भागवत कथा सुनने ग्रामीणों सहित पहुंच रहे जनप्रतिनिधि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। नगर की सुख समृद्धि की भावना से स्थानीय दादा बाड़ा में चल रहे श्रीमद भागवत कथा का बखान करते हुए पं. हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि जब कलयुग का प्रभाव होता है तो धर्मात्मा व्यक्ति भी पापकर्म पर उतर आता है। राजा परीक्षित के साथ भी यही हुआ और कलयुग के प्रभाव से उनके हाथों पापकर्म हो गया जिसके कारण उसे सात दिनों में मृत्यु होने का श्राप मिला। व्यास पीठ से श्री भारद्वाज परीक्षित को मिले श्राप, कलयुग प्रभाव, देवहुति, कपिल संवाद समेत सृष्टि वर्णन व माता अनुसुईया की कथा उपस्थित जनों को श्रवण कराते हुए कहा कि माता अनुसुईया ने तीनों देव ब्रम्हा,विष्णु, महेश को पुत्र बनाकर अपना स्तनपान कराया है।
परीक्षित को मिले श्राप का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि जब तुम्हारे मन में गलत भाव आए तो समझ लेना कलयुग तुम पर प्रभाव जमा रहा है। जिस व्यक्ति पर कलयुग का प्रभाव होता है उसकी बुद्धि भगवान हर लेते हैं। इसलिए अच्छे स्थान पर भी वह अपनी कलयुगी प्रभाव छोडऩे से नही चुकता। नगरवासियों की ओर से मुख्य जजमान नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, उनकी धर्मपत्नी ललिता चंद्राकर व सह जजमान के रूप में महेश्वरी समाज की ओर से मूलचंद लढ्ढा, सीमादेवी लढ्ढा तथा छग बरई महोबिया समाज की ओर से धर्मेन्द्र महोबिया एवं प्रीति महोबिया परीक्षित के रूप में कथा श्रवण कर रहे थे। कल भी कथा ज्ञान यज्ञ में गोते लगाने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
आयोजन समिति द्वारा कथा पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चाय व जल की व्यवस्था की गई है।