महासमुन्द

जीवन में कठिनाईयों का सामना हो तो उसे भगवान का प्रसाद मानकर धारण करना चाहिए-हिमांशु कृष्ण भारद्वाज
25-Mar-2022 7:44 PM
जीवन में कठिनाईयों का सामना हो तो उसे भगवान का प्रसाद मानकर धारण करना चाहिए-हिमांशु कृष्ण भारद्वाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 मार्च। स्थानीय दादा बाड़ा में चल रहे भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का बखान करते हुए व्यास पीठ से पंडित हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि भागवत मोक्ष की ओर ले जाने की विद्या है। भागवत कथा श्रवण करने से मृत्यु का भय समाप्त हो जाता है। जब भगवान शंकर ने माता पार्वती को भगवान की कथा सुनाई तो वह सो गई और कथा का श्रवण सुक पक्षी ने किया। कथा पूर्ण होने पर भगवान शंकर ने जयकारा लगाया तो माता की नींद खुली तो वह पूछने लगी कि आगे क्या हुआ। भगवान शंकर समझ गए कथा के बीच में पार्वती जी सो गई। तो उन्होंने अपने योगबल से जान लिया कि सुक पक्षी ने कथा श्रवण किया है। इससे वे क्रोधित हो गए और मारने दौड़े। माता पार्वती ने रोका तो प्रभु बोले इस पक्षी ने शास्त्र के विरूद्ध कथा सुनी है। कथा सामने से सुनी जाती है। किंतु यह पक्षी पीछे बैठकर सुनने का दोष किया है।

व्यास पीठ से भारद्वाज गुरुवार को भागवत पुराण धरती पर कैसे आया, इस कथा का वर्णन किया। मुख्य जजमान परीक्षित के रूप में नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, ललिता चंद्राकर के साथ चंद्राकर समाज की ओर से सह जजमान के रूप में दाऊलाल चंद्राकर कौशल्या चंद्राकर, बंग समाज की ओर से अजय विश्वास, पूर्वी विश्वास शामिल हुए। कथा श्रवण करने रायपुर से धर्म जागरण सह अखिल भारतीय प्रमुख राजेन्द्र प्रसाद, नंदन जैन तथा समाज सेवी दीनानाथ खुंटे पहुंचे थे।

पंडित हिमांशु कृष्ण भारद्वाज ने कथा पंडाल में उपस्थित धर्मप्रेमी जनता से कहा कि जीवन में कठिनाईयों का सामना हो तो उसे भगवान का प्रसाद मानकर धारण करना चाहिए। सुख और दुख कर्मो का फल है जो समयानुसार ही सब को प्राप्त होता है। एक प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि घास और बांस के बीजों का आकार एक जैसा है। दोनों को ही हवा, पानी, धूप एक बराबर मिलता है। किंतु घास तीव्र गति से बढ़ता गया। दूसरी ओर बांस के बीज में पौधे पांचवें वर्ष आया और वह छह माह के भीतर ही पूर्ण आकार ले लिया। कहने का आशय यह है कि जो प्राप्त करना है वह समय के अनुसार ही मिलेगा।


अन्य पोस्ट