महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च। जिले के सरायपाली क्षेत्र में चोरी की बाइक बेचने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने इसके पास से अलग-अलग जगहों से करीब 11 चोरी की बाइक बरामद की है। जब्त बाइक की कीमत 2 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। इसके एक साथी को टीम ने 20 मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनके पास से भी टीम ने 6 बाइक जब्त की थी।
पूछताछ में उसने अपने इस साथी का नाम बताया था। दोनों आरोपी रायपुर, दुर्ग व जिले के सरहदी क्षेत्रों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि टीम ने 21 मार्च को ग्राम गिरसा थाना सरायपाली निवासी घनश्याम पटेल उर्फ बाटा पिता पुनीत पटेल (23) को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। इसके पास से बिना नंबर की करीब 11 बाइक मिली है। 21 मार्च को मुखबिर से सूचना पर पदमपुर रोड अंडरब्रिज के पास घनश्याम पटेल को पकड़ा। 10 बाइके जब्त की। ग्राहक तलाशने जिस बाइक में आया था वो भी चोरी का था। टीम ने जब्त कर ली है।
सभी के चेचिस नंबर दूसरे थानों में भेजे जाएंगे
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरों ने रायपुर, दुर्ग सहित अन्य थाना शहरों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया है, जिन-जिन थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी के अपराध दर्ज है, उन्हें चेचिस नंबर भेजकर बाइक की पहचान कराई जाएगी।