महासमुन्द

ब्लोवर मशीन से बुझाई जा रही है जंगल की आग
16-Mar-2022 2:55 PM
ब्लोवर मशीन से बुझाई जा रही है जंगल की आग

आग बुझाने वन परिक्षेत्र की टीम मुस्तैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 मार्च।
ग्रीष्म काल शुरू होते ही वनों में आग लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।  वनों में लगने वाली आग से वन सम्पदा को काफी नुकसान पंहुचता है। लिहाजा जंगलों को आग से बचाने के लिए मुहिम चलाई जा रही है। हालांकि यह वन विभाग के लिए यह एक बड़ी चुनौती साबित हो रही है। फिर भी वन विभाग के अफसरों की दूरदर्शिता और समय रहते किए जा रहे उपायों से काफी सफलता मिल रही है और वनों में लगने वाली आग को बुझाने की पहल भी हो रही है।

महासमुंद वन मंडल अंतर्गत आने वाले सरायपाली वन परिक्षेत्र में जंगलों में लगने वाली आग को बुझाने के लिए पूरी टीम मुस्तैद कर दी गई है। छुटपुट आग लगने की घटनाओं पर फिलहाल काबू किया जा रहा है। गौरतलब है कि सरायपाली वन परिक्षेत्र का एक बड़ा भाग वनों से आच्छादित है जहां गर्मी शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं शुरू हो जाती हैं ऐसे में इस आग पर काबू पाना वन विभाग की टीम के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। लेकिन इस बार वन विभाग के सभी स्तर के कर्मचारी वनों की आग बुझाने के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। बहरहाल आगजनी की घटनाओं पर काफी नियंत्रण है। वनों में आग बुझाने की कार्रवाई को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी रामलाल व्यवहार का कहना है कि पूरी टीम मुस्तैदी के साथ ब्लोवर मशीन के माध्यम से जुटी हुई है। ग्रामीणों को भी समझाइश दी जा रही है और वनों को आग से बचाने की अपील की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट