महासमुन्द

विभिन्न बिंदुओं पर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर रही एनएमसी की टीम
15-Mar-2022 4:57 PM
विभिन्न बिंदुओं पर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर रही एनएमसी की टीम

निरीक्षण की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जा रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 15 मार्च। सोमवार से मेडिकल कालेज के निरीक्षण पर पहुंची एनएमसी की टीम मंगलवार भी सुबह से विभिन्न बिंदुओं पर मेडिकल कालेज की व्यवस्था का निरीक्षण कर रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार यह टीम इस निरीक्षण का निष्कर्ष और पूरा ब्यौरा यहीं महासमुंद से ही एनएमसी को मेल के माध्यम से भेजेगी। इस पूरे निरीक्षण की फ ोटोग्रॉफ ी और वीडियोग्रॉफ ी कराई जा रही है जिसे टीम अपनी रिपोर्ट के साथ सबमिट करेगी। कल मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए एनएमसी की टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही महासमुंद कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक भी मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने एनएमसी की टीम से बातचीत भी की और मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। इस दौरान सीएमएचओ डॉ.एसआर बंजारे भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि चिकित्सा शिक्षा के नए शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन एनएमसी की टीम 7 महीने बाद फिर से महासमुंद मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए पहुंची। सोमवार सुबह 9 बजे से लेकर देर रात तक के एनएमसी की टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर अपनी जांच की। सुबह जब टीम पहुंची तो सबसे पहले अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। लैब, आपातकालीन व्यवस्था, ऑपरेशन थिएटर, मेडिसिन विभाग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम इसके बाद डीन कार्यालय पहुंची और पूर्व में बताए गए कमियों के साथ ही अब तक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बिंदुवार जानकारी ली। टीम कल रात 9 बजे तक अस्पताल में  मौजूद रही।

मालूम हो कि साल 2020 में राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज की घोषणा की और इसके बाद 1 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज महासमुंद के डीन की नियुक्ति हुई। अगले साल 2021 में मार्च में जिला अस्पताल महासमुंद का मेडिकल कॉलेज ने अधिग्रहण किया। फिर 1 अप्रैल को एसोसिएट प्रोफेसर व प्रोफेसर्स ने कॉलेज ज्वाइन किया। इसके बाद 23 व 24 अगस्त को एनएमसी की टीम ने कॉलेज व अस्पताल का निरीक्षण किया, 18 सितंबर को डीएमई विष्णु दत्त ने तैयारियों का निरीक्षण किया। 21 सितंबर को एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन को कमियों को दूर करने के लिए पत्र भेजा। 13 अक्टूबर को एनएमसी ने कॉलेज का वर्चुअल इंस्पेक्शन किया और 28 अक्टूबर को एनएमसी ने कॉलेज को मान्यता देने से इंकार कर दिया था।

इसी साल 2021 में ही 29 अक्टूबर को मान्यता रद्द होने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 12 प्राध्यापक प्रदान किए और 31 दिसंबर को कॉलेज प्रबंधन ने फिर से मान्यता के लिए एनएमसी को आवेदन किया। ह्यवर्ष 2022 में 16 फरवरी को डीन ने वीआरएस लिया और  12 मार्च को नई डीन डॉ.यास्मिन खान ने ज्वाइनिंग ली। कल 14 मार्च को एनएमसी की तीन सदस्यीय टीम निरीक्षण करने पहुंची। यह टीम आज भी निरीक्षण पर है।

सात महीने पहले जब एनएमसी की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी तो मेडिकल कॉलेज में 50 प्राध्यापक सहित अन्य स्टॉफ  मौजूद थे जबकि एनाटॉमी की विभागाध्यक्ष डॉ. जागृति अग्रवाल नदारद थीं और यही कारण मान्यता में रोड़ा बनी। इस बार मौके पर अधिकांश प्राध्यापक मौजूद रहे और फैकल्टी के मामले में पिछली बार के निरीक्षण से इस बार काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है।

तत्कालीन व्यवस्था के तौर पर कॉलेज के लिए 100-100 सीटर लेक्चर हॉल सहित विभागाध्यक्ष व फैकल्टी रूम,लाइब्रेरी जैसी व्यवस्थाएं जेएनएम बिल्डिंग में की गई हैं। वहीं स्पेस की कमी को दूर करने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज में भी कुछ व्यवस्थाएं हैं, जिसमें दो इग्जामिनेशन हॉल, गल्र्स और ब्वायज हॉस्टल शामिल है। इसका भी एनएमसी की टीम ने निरीक्षण किया।


अन्य पोस्ट