महासमुन्द
ग्रामीणों ने अवैध रेत खनन करने वालों की जानकारी दोपहर में दी, खनिज अफसर शाम को पहुंचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 मार्च। परसों रविवार की रात महानदी में रेत खनन के लिए दो चैन माउंटेन के साथ हाईवा की लंबी कतार लग गई। रातभर यहां अवैध रूप से रेत खनन का कार्य जारी रहा। सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो कुछ ग्रामीण नदी में पहुंचे और अवैध खनन को रोका और इसकी जानकारी खनिज विभाग को दी। काफी देर बाद टीम वहां पहुंची। तब तक कई हाइवा और एक चैन माउंटेन मौके से फरार हो चुके थे। कल सोमवार को रेत के अवैध खनन को रोकने के लिए ग्रामीण एकजुट हो गए और गौरभांठा की ओर बनाए गए रैम्प को खोद दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने खनिज विभाग के अफसरों को इसकी जानकारी दी।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को टीम सिरपुर क्षेत्र में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान बम्हनी में भी अवैध खनन की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही टीम को सिरपुर से जल्द कार्रवाई कर वापस बुलाया गया और बम्हनी के लिए रवाना किया गया। टीम के मौके पर पहुंचते तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर खनिज विभाग की टीम को दो चैन माउंटेन उत्खनन करते हुए मिले।
साथ ही हाईवा क्रमांक सीजी 04 जेडी 7401, सीजी 07बीएम 3063, सीजी 07 सीडी 7289, सीजी 08 एएन 5540 और सीजी 07 सी 9116 मौके पर रेत लोड कराती मिलीं। ग्रामीणों की मानें तो सरपंच खिलेश्वरी साहू व सरपंच पति परमेश्वर साहू को भी इसकी सूचना दी गई थी। कार्रवाई करने पहुंची खनिज विभाग की टीम में खनिज निरीक्षक जितेंद्र चंद्राकर,प्रशांत कालू, नीलकंठ चंद्राकर, मनीष ढीढी, इमरान खान सहित अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।