महासमुन्द

एक करोड़ से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ लीटर पानी की सप्लाई, कल से तीन बार खुलेगा नल
14-Mar-2022 3:50 PM
एक करोड़ से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ लीटर पानी की सप्लाई, कल से तीन बार खुलेगा नल

शहर के 80 हजार आबादी को तीन टाइम पानी देने वाली राज्य की पहली पालिका

बारी-बारी से 24 घंटे चलेंगे पंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मार्च।
नगरवासियों को गर्मी के सीजन में पानी की कमी न हो, इसके लिए पालिका ने प्लान बी तैयार कर लिया है। गर्मियों में तीन टाइम पानी सप्लाई के वादे के अनुरूप नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने इंटकवेल और फिल्टर प्लांट में तैयारियां पूरी कर ली है। इनकी क्षमता बढ़ाई भी गई है। इसके बावजूद यदि इन दोनों स्थानों पर कोई पंप खराब होता है, या पानी सप्लाई बाधित होती है, तो इसके लिए संपवेल का सहारा लिया जाएगा।

 महासमुंद पालिका ने शहर की सभी टंकियों में 1-1 लाख लीटर की क्षमता वाला संपवेल भी तैयार कराया है। मालूम हो कि महासमुंद शहर में सात पानी टंकियां हैं जिनसे शहर में पानी की सप्लाई होती है। सभी टंकियों को भरने के लिए यहां 20-20 हॉर्स पावर का पंप लगाया गया है। इस पंपों की भी जांच कर ली गई है। पालिका की टीम यानी मैन पावर भी गर्मी के दिनों में काम करेगा और इंटकवेल व फिल्टर प्लांट में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक शहर में तीन बार पानी देने के लिए ओवरहैड टैंक को भरने के लिए नदी के इंटकवेल में 50-50 एचपी के तीन टरबाइन लगाए गए हैं। इसके अलावा बेलसोंडा प्लांट में पानी फिल्टर करने के बाद शहर के 7 ओवरहैड टंकियों को भरने के लिए 70-70 हॉर्स पावर के तीन पंप लगाए गए हैं। दिन में तीन बार टंकियों को भरा जाएगा और पानी की सप्लाई भी तीन टाइम होगी। अभी तक इंटकवेल व फिल्टर प्लांट में केवल दो पंप ही रात व दोपहर को चलते थे, क्योंकि दो टाइम ही पानी देना पड़ता था। अब गर्मियों में तीन पंप चलाए जाएंगे। एक पंप से एक टाइम पानी सप्लाई होगी। फिर उसे आराम दिया जाएगा, ताकि उसमें कोई खराबी न आए।

गौरतलब है कि गर्मी के दिनों में शहर के 80 हजार आबादी को तीन टाइम पानी देने वाली राज्य की पहली पालिका कल से तीन टाइम पानी की सप्लाई करेगी। इसे लेकर पालिका ने पूरी तैयारियां कर ली है। इंटकवेल और फिल्टर प्लांट सहित ओवरहैड टंकियों में पानी चढ़ाने वाले पंपों व टरबाइन की भी जांच कर ली गई है, ताकि गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत शहरवासियों को न हो। पालिका का यह तीसरा साल है, जब गर्मी के दिनों में तीन टाइम पानी की सप्लाई की जाएगी।

इसके अलावा खास बात यह है कि पिछले साल से शहर को टैंकर मुक्त कर लिया गया है। टैंकर के माध्यम से मात्र सामाजिक कार्यों के लिए ही पानी दिया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि इस बार पानी की रफ्तार भी तेज रहेगी। क्योंकि नए पाइपलाइन से कनेक्शन शत-प्रतिशत जुड़ गया है। पार्षदों द्वारा नए कनेक्शन के लिए प्रस्ताव दिए जा रहे हैं, उसे भी मार्च के अंत तक जोड़ दिया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट